प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रदेश के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाता सहायता केंद्र (वोटर असिस्टेंस सेंटर) स्थापित किए जाएंगे। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार, विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 6 जनवरी 2026 को मतदाता सूची प्रकाशित की जा चुकी है और उसी दिन से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। प्रक्रिया को अधिक सरल और सुलभ बनाने के उद्देश्य से मतदान केंद्रों पर सहायता केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। मतदाता सहायता केंद्रों पर प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) की उपस्थिति अनिवार्य होगी। बीएलओ के पास 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची, वर्ष 2003 की अंतिम विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण मतदाता सूची, मृतक, स्थानांतरित, अनुपस्थित एवं दोहरी प्रविष्टि से संबंधित सूची उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा सहायता केंद्रों पर फार्म-6, 7 और 8 तथा घोषणा पत्र भी उपलब्ध कराए जाएंगे। पात्र नागरिकों को 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग कराने और आवश्यक फार्म भरने में बीएलओ द्वारा सहयोग दिया जाएगा।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal