Tuesday , March 31 2026

बरेली-मुरादाबाद में 95 करोड़ से मजबूत होगा वैज्ञानिक ढांचा, साइंस पार्क स्थापना को प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति

प्रदेश में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए मुरादाबाद और बरेली में साइंस पार्क स्थापना के लिए सोमवार को प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति दे दी है। दोनों परियोजनाओं के लिए करीब 95 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी करते हुए 18 माह में निर्माण पूरा करने की समावधि तय की गई है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव पनधारी यादव की ओर से सोमवार को जारी शासनादेश के अनुसार मुरादाबाद में साइंस पार्क के लिए 4799.77 लाख रुपये (करीब 47.99 करोड़ रुपये) स्वीकृत किए गए हैं। इसके तहत प्रथम किस्त के रूप में 705.12 लाख रुपये निर्माण कार्य तथा 1000 लाख रुपये मशीनरी और उपकरणों के लिए जारी किए जाएंगे। इसी प्रकार बरेली में साइंस पार्क निर्माण के लिए 4797.57 लाख रुपये (करीब 47.97 करोड़ रुपये) की स्वीकृति दी गई है। यहां भी पहले चरण में 700 लाख रुपये निर्माण कार्य और 1000 लाख रुपये उपकरणों के लिए स्वीकृत किए गए हैं। इन परियोजनाओं को प्रदेश में विज्ञान शिक्षा, नवाचार और तकनीकी जागरूकता को नई गति देने वाला अहम कदम माना जा रहा है, जिससे युवाओं को आधुनिक विज्ञान से जुड़ने का सशक्त मंच मिलेगा। दोनों साइंस पार्क में डिजिटल प्लेनेटेरियम, आधुनिक साइंस गैलरी, इंटरैक्टिव प्रदर्शनी और विज्ञान आधारित शिक्षण संसाधन विकसित किए जाएंगे। ‘फन विद साइंस’, ‘एंशिएंट इंडियन साइंस’, ‘स्पेस साइंस’ और ‘इवोल्यूशन ऑफ लाइफ’ जैसी थीम आधारित गैलरी के माध्यम से छात्रों और युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने पर जोर रहेगा। शासन ने निर्देश दिए हैं कि परियोजनाओं को 18 माह की समयसीमा में पूरा किया जाए और निर्माण कार्य में सभी तकनीकी मानकों, वित्तीय नियमों व पर्यावरणीय स्वीकृतियों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही थर्ड पार्टी क्वालिटी ऑडिट, तकनीकी समिति द्वारा डिजाइन व लागत परीक्षण और जरूरत के अनुसार उपकरणों की खरीद अनिवार्य की गई है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com