मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश में गन्ना किसानों को त्वरित भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। वर्तमान पेराई सत्र 2026-27 में अब तक 96 चीनी मिलों ने पेराई शुरू कर दी है। इनमें 78 निजी, 17 सहकारी और एक निगम क्षेत्र की मिल शामिल है। इन मिलों ने अब तक 707 लाख कुंतल गन्ने की पेराई कर 63.80 लाख कुंतल चीनी का उत्पादन किया है।
गन्ना आयुक्त भवानी सिंह खंगारौत ने बताया कि वर्तमान सत्र में अब तक कुल देय गन्ना मूल्य 552.23 करोड़ रुपये के सापेक्ष चीनी मिलों ने शत-प्रतिशत से अधिक भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में किया है। उन्होंने बताया कि पेराई शुरू होने के साथ ही भुगतान में तेजी से किसानों को बिचौलियों और भुगतान में देरी की समस्या से राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गन्ना किसानों की आर्थिक समृद्धि, सम्मान और उपज का उचित व समय पर मूल्य दिलाने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत चीनी मिलों को प्राथमिकता के आधार पर भुगतान करने और विभाग को इसकी लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
सबसे ज्यादा पेराई
- हरियावां चीनी मिल, हरदोई : 22.41 लाख कुंतल
- हरगांव चीनी मिल, सीतापुर : 21.94 लाख कुंतल
- खतौली चीनी मिल, मुजफ्फरनगर : 20.95 लाख कुंतल
किसानों को सर्वाधिक भुगतान - अजबापुर-डीसीएम ग्रुप, लखीमपुर : 82 करोड़ रुपये
- मवाना चीनी मिल, मेरठ : 62 करोड़ रुपये
- हरगांव चीनी मिल, सीतापुर : 60.42 करोड़ रुपये
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal