Saturday , November 28 2026

परिसीमन संशोधन और महिला आरक्षण बिल को मंजूरी, 50% तक बढ़ सकती हैं सीटें

केंद्रीय मंत्रिमंडल की शुक्रवार को हुई बैठक में परिसीमन से जुड़े नये महिला आरक्षण विधेयक को संभवत: मंजूरी दे दी गई और इसे अगले सप्ताह से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पेश किए जाने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की विशेष बैठक में इस विधेयक को मंजूरी के लिए पेश किया गया। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल ने कुछ संशोधनों के साथ इसे मंजूरी दे दी।
परिसीमन के बाद राज्यों की हिस्सेदारी पर फोकस
प्रस्तावित संशोधनों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिसीमन के बाद लोकसभा में किसी भी राज्य की हिस्सेदारी अन्य राज्यों की तुलना में कम न हो। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की यह बैठक दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में बुलाई गई थी, जिसमें इस विधेयक पर चर्चा की गई। सरकार सोमवार से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में इस विधेयक को पारित कराना चाहती है। सरकार ने इससे पहले अप्रैल में संसद के विशेष सत्र के दौरान यह विधेयक पेश किया था, लेकिन इसे लोकसभा की मंजूरी नहीं मिल सकी थी। अब सरकार ने दावा किया है कि उसके पास इस विधेयक को पारित कराने के लिए पर्याप्त संख्या में सांसदों का समर्थन है।
विधेयक पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जरूरी
संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत जरूरी है। सूत्रों के अनुसार, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) द्वारा इस विधेयक का समर्थन किये जाने की उम्मीद है। वहीं, विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन इस विधेयक के खिलाफ है। विपक्षी गठबंधन के नेता शनिवार को बैठक कर अपनी रणनीति पर चर्चा करेंगे।
2029 से पहले महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी
प्रस्तावित विधायी पैकेज के तहत परिसीमन प्रक्रिया के जरिए लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या मौजूदा 550 से बढ़ाकर 850 करने का लक्ष्य है। महिला आरक्षण का प्रावधान 2023 में पारित ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के माध्यम से किया गया था। हालांकि, इसे लागू करने की प्रक्रिया आगामी जनगणना और परिसीमन से जुड़ी हुई थी। अब केंद्र सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता आसान बनाने की तैयारी में है।
क्या है परिसीमन और क्यों है महत्वपूर्ण?
परिसीमन वह प्रक्रिया है, जिसके तहत चुनावी क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण किया जाता है। इसके साथ ही जनसंख्या के आधार पर विभिन्न राज्यों को आवंटित संसदीय सीटों की संख्या भी तय की जाती है। प्रस्तावित ‘परिसीमन विधेयक, 2026’ के तहत इसके लिए एक आयोग गठित करने का प्रस्ताव है, जो लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण करेगा। लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ने से राज्यों के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन भी बदल सकता है।
संविधान संशोधन के लिए सरकार को कितने वोटों की जरूरत?
संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए संसद में विशेष बहुमत की आवश्यकता होती है। इसके तहत सदन में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों में से कम से कम दो-तिहाई का समर्थन जरूरी है। लोकसभा की स्वीकृत सदस्य संख्या 543 है। तीन सीटें खाली होने के कारण वर्तमान प्रभावी सदस्य संख्या 540 है। यदि सभी 540 सदस्य मतदान करते हैं तो विधेयक पारित कराने के लिए सरकार को कम से कम 360 वोटों की जरूरत होगी। माना जा रहा है कि एनडीए के पास करीब 320 सांसद हैं। ऐसे में सरकार को विधेयक पारित कराने के लिए गठबंधन से बाहर की पार्टियों का समर्थन भी जुटाना पड़ सकता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com