मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर के तुलसीपुर स्थित मां पाटेश्वरी देवी मंदिर में सुबह-सुबह पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर की गौशाला का दौरा किया और गोवंश को चारा और गुड़ खिलाया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने केंद्रीय कैबिनेट की ओर से परिसीमन बिल को मंजूरी दिए जाने का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल के प्रति आभार जताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संसद से पारित हो चुका है। अब केंद्रीय कैबिनेट की ओर से परिसीमन बिल को मंजूरी मिलने से वर्ष 2029 में महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता प्रशस्त होगा।
संसद और विधानसभाओं में बढ़ेंगी सीटें
सीएम योगी ने कहा कि परिसीमन के बाद संसद और विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान है। इससे 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने का मार्ग भी साफ होगा। देश की आधी आबादी को संसद और विधानसभाओं में कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की यह पहल स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि तय समय सीमा के भीतर इस व्यवस्था को लागू करने की दिशा में उठाया गया कदम अभिनंदनीय है। इससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी और उनके सशक्तिकरण को मजबूती मिलेगी।
यूपी के सभी 80 सांसदों से बिल के समर्थन की अपील
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से अपील की कि वे परिसीमन बिल का समर्थन करें। उन्होंने कहा कि सांसद नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का रास्ता तैयार करने में अपना योगदान दें। योगी ने कहा कि यह नारी शक्ति के सशक्तिकरण के जरिए समृद्ध भारत के निर्माण की दिशा में एक बेहतरीन अवसर है। उन्होंने प्रधानमंत्री और केंद्रीय कैबिनेट का हृदय से धन्यवाद भी किया।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal