भारतीय वैश्य महासभा के वैश्य सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में वैश्य समाज की राजनीतिक और सामाजिक एकजुटता का शंखनाद किया गया। आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को संभालने वाला वैश्य समाज अनेकों उपवर्गों में बंटे होने के कारण अपनी राजनीतिक ताकत खो रहा है। कहा देश कि लगभग 10 प्रतिशत आबादी वैश्य समाज की है, लेकिन उपवर्गों में बिखराव के चलते समाज को वह प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है जिसका वह हकदार है। सभी उपवर्गों को एक छतरी के नीचे आकर अपनी शक्ति का प्रदर्शन करने का अब समय आ गया है। पीलीभीत बाईपास रोड स्थित एक बरातघर में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने मंच से बेहद महत्वपूर्ण और दूरगामी अपील करते हुए समाज के लोगों से कहा कि व्यापार संभालना अच्छी बात है, लेकिन अपने परिवार के कम से कम एक बच्चे को राजनीति में अवश्य लाएं। उन्होंने तर्क दिया कि जब तक समाज के युवा राजनीतिक प्लेटफॉर्म पर सक्रिय नहीं होंगे, तब तक हमारी बात उतनी बुलंदी से नहीं सुनी जाएगी। राजनीति में सक्रिय भागीदारी ही वह रास्ता है जिससे कोई भी दल वैश्य समाज की अनदेखी नहीं कर सकेगा। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अन्य दल केवल परिवारवाद की राजनीति करते हैं, जबकि भाजपा ने हमेशा व्यापारियों को सम्मान दिया है। उन्होंने दो टूक कहा कि हम अपनी हिस्सेदारी पर कोई समझौता नहीं करेंगे और इसके लिए भाजपा से ही उम्मीद है। कार्यक्रम के आयोजक राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य राजेंद्र गुप्ता ने बरेली को व्यापारियों की एकजुटता का केंद्र बताकर कहा कि प्रतिनिधित्व अब भी जनसंख्या के अनुपात में काफी कम है। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि भाजपा के भरोसे के कारण ही उत्तर प्रदेश में समाज के 38 विधायक और तीन सांसद हैं। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि विधानसभा चुनावों में यदि राजनीतिक दलों ने पर्याप्त टिकट नहीं दिए, तो वैश्य समाज 100 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने से पीछे नहीं हटेगा। समारोह में समाज की छह प्रमुख विभूतियों डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी, धर्मेंद्र गुप्ता, गोपेश अग्रवाल, सुनील गुप्ता, राजीव अग्रवाल और जय नारायण गुप्ता को ”वैश्य रत्न” सम्मान से नवाजा गया। संचालन पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेश जसोरिया ने किया, जबकि संयोजन समित अग्रवाल, अवधेश अग्रवाल और विपिन गुप्ता ने किया। महासम्मेलन में राष्ट्रीय महामंत्री संजीव वार्ष्णेय, राजेंद्र खंडेलवाल, अवधेश अग्रवाल, राकेश कुमार वार्ष्णेय, गीता वार्ष्णेय, कैलाश मित्तल, दिलीप गुप्ता ,ईशान गुप्ता, अनिल गुप्ता, सुशील मित्तल, महावीर जायसवाल, नवनीत, अमरीश, मुकेश अग्रवाल अंजनी गुप्ता, अंकुश राज आदि उपस्थित थे।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal