Monday , March 30 2026

5 वर्षों से सुचारू संचालन के लिए तरस रहा अयोध्या धाम बस स्टेशन, अब क्षेत्रीय प्रबंधक ने NHAI को पत्र लिखा

करीब पांच वर्षों से बस सेवा के सुचारू संचालन के लिए तरस रहे अयोध्या धाम बस स्टेशन को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। एनएच-27 पर ओवरब्रिज व अंडरपास तैयार होने के बाद यह बस स्टेशन सड़क से ऊंचा हो गया है। इसके चलते सुचारू मार्ग न होने के कारण बस संचालन में बाधा आ रही है। सड़क को बराबर करने के लिए क्षेत्रीय प्रबंधक ने एनएचएआई को पत्र लिखा है। वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद अयोध्या के विकास के क्रम में योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर एनएच-27 पर माझा बरहटा के पास इस बस स्टेशन का निर्माण शुरू कराया था। करीब सात एकड़ भूमि पर 14 करोड़ की लागत से इस बस स्टेशन का निर्माण जून 2021 में पूर्ण हुआ। इसके बाद औपचारिक रूप से इसके संचालन की भी घोषणा कर दी गई, लेकिन हाईवे की एक ही लेन से कनेक्टिविटी होने के कारण यहां से बसों का संचालन में बाधा आने लगी थी। मुख्यमंत्री द्वारा इस योजना की स्वयं देख रेख करने के परिणामस्वरूप वर्ष 2024 में एनएचएआई ने यहां ओवरिब्रज व अंडरपास का निर्माण शुरू किया गया, जो दिसंबर 2025 में तैयार भी हो गया। इस निर्माण के दौरान यह बस स्टेशन सड़क मार्ग से करीब तीन फिट ऊंचा हो गया। जनवरी में परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने एनएचएआई को इसे दुरुस्त कराने के लिए पत्र लिखा था, लेकिन यह कार्य अभी तक नहीं हो सका। इसके चलते हाईवे के दोनों लेन से जुड़ने के बाद भी यहां से बसों का संचालन सुचारू नहीं हो सका।
हाईवे के दोनों ओर हुआ सर्विस लेन का निर्माण
अयोध्या धाम से उचित कनेक्टिविटी न होने के कारण इस बस स्टेशन के निर्माण के बाद से ही इसकी उपयोगिता पर सवाल उठ रहे थे। इसको देखते हुए ओवरब्रिज निर्माण के साथ हाईवे के दोनों ओर करीब 22 फिट की सर्विस लेन का भी निर्माण कराया गया है। इससे अब अयोध्या शहर से यात्री ई रिक्शा, ऑटो व अन्य साधनों से आसानी से यहां तक पहुंच सकते हैं। इसके साथ ही मेले के दौरान भी चलने वाली मेला स्पेशल बसों का यहां से संचालन की राह आसान हो गई है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com