हिंद महासागर क्षेत्र में बदलते वैश्विक समीकरणों के बीच भारत ने क्षेत्रीय देशों से एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को कहा कि हिंद महासागर वैश्विक व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय संपर्क का बेहद महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में इस क्षेत्र के सभी तटीय देशों को अपने नागरिकों के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर सार्थक सहयोग करना चाहिए। दिल्ली में आयोजित हिंद महासागर रिम एसोसिएशन (IORA) के मंत्रिस्तरीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए जयशंकर ने कहा कि मौजूदा दौर में दुनिया महत्वपूर्ण भू-राजनीतिक बदलावों से गुजर रही है। ऐसे समय में IORA को अपनी सामूहिक आवाज मजबूत करने और एक प्रभावशाली क्षेत्रीय मंच के रूप में अपनी भूमिका को और सशक्त बनाने की जरूरत है।
क्या बोले विदेश मंत्री जयशंकर
दिल्ली में आयोजित इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन की 25वीं मंत्रीपरिषद बैठक को संबोधित करते हुए, विदेश मंत्री ने कहा कि हिंद महासागर वैश्विक व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, संपर्क और आर्थिक समृद्धि के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह क्षेत्र अपार विविधता, अवसरों और साझा चुनौतियों से भरा हुआ है। उन्होंने जोर दिया कि हिंद महासागर से जुड़े देशों के बीच बेहतर तालमेल और सहयोग से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिल सकती है। इसके लिए सदस्य देशों को आपसी संवाद बढ़ाने और साझा हितों को प्राथमिकता देने की जरूरत है।
भारत की प्राथमिकताएं
जयशंकर ने कहा कि IORA के प्रति भारत का दृष्टिकोण और संगठन की अध्यक्षता के दौरान उसकी प्राथमिकताएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘महासागर’ विजन से प्रेरित हैं। इसका पूरा नाम ‘म्यूचुअल एंड होलिस्टिक एडवांसमेंट फॉर सिक्योरिटी एंड ग्रोथ अक्रॉस रीजन’ है। इसका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र प्रगति को बढ़ावा देना है। प्रधानमंत्री मोदी ने मार्च 2025 में मॉरीशस की यात्रा के दौरान इस दृष्टिकोण की घोषणा की थी।
भारत की अध्यक्षता का मंत्र
भारत वर्ष 2025 से 2027 तक IORA की अध्यक्षता कर रहा है। इस दौरान भारत ने ‘हिंद महासागर क्षेत्र में नवाचार, खुलापन, लचीलापन और अनुकूलन क्षमता’ को अपनी अध्यक्षता की थीम बनाया है। जयशंकर ने कहा कि यह थीम इस विश्वास को दर्शाती है कि संगठन को बदलती परिस्थितियों और विभिन्न चुनौतियों के प्रति संवेदनशील रहने के साथ उनके अनुरूप खुद को ढालने में भी सक्षम होना चाहिए।
23 सदस्य देशों और संवाद साझेदारों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
विदेश मंत्री ने कहा कि IORA को अपने उद्देश्यों को हासिल करने के लिए सदस्य देशों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना होगा। इसके साथ ही संवाद साझेदारों के साथ सार्थक सहयोग और व्यावहारिक पहलों पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। गौरतलब है कि IORA में भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका, केन्या, तंजानिया, मोजाम्बिक, सोमालिया, ओमान, यमन, बांग्लादेश, मलेशिया और थाईलैंड समेत 23 सदस्य देश शामिल हैं। भारत की मेजबानी में नई दिल्ली में आयोजित यह सम्मेलन हिंद महासागर क्षेत्र में साझा चुनौतियों से निपटने, आर्थिक सहयोग बढ़ाने और क्षेत्रीय स्थिरता को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal