सोने और चांदी की कीमतों में एक साल से अधिक के निचले स्तर पर पहुंचने के बाद इस सप्ताह भी गिरावट का सिलसिला जारी रहने की आशंका जताई गई है। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार निवेशकों की नजर अमेरिका के महंगाई के आंकड़ों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के संकेतों पर बनी रहेगी, जिनसे ब्याज दरों की आगे की दिशा तय होगी। इसके अलावा प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के खरीद प्रबंधक सूचकांक के शुरुआती आंकड़ों के साथ अमेरिका के जीडीपी, हाउसिंग सेक्टर और टिकाऊ वस्तुओं के ऑर्डर से जुड़े आंकड़ों पर भी बाजार की नजर रहने वाली है।
कमजोर बना आउटलुक, एमसीएक्स पर एक साल के निचले स्तर पर फिसले भाव
जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रणव मेर ने कहा है कि सोने और चांदी का आउटलुक कमजोर बना हुआ है और इनमें आगे भी गिरावट से इनकार नहीं किया जा सकता। आंकड़ों के मुताबिक मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर दिसंबर डिलीवरी वाले सोने का वायदा भाव पिछले हफ्ते 14,927 रुपये यानी 11 प्रतिशत टूटकर 1,21,778 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ, जो एक साल से ज्यादा का निचला स्तर है। इसी तरह दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी का वायदा भाव 28,496 रुपये यानी 16.2 प्रतिशत गिरकर एक साल से अधिक के निचले स्तर पर आ गया।
रुपये की मजबूती और कॉमेक्स पर बिकवाली से बढ़ा दबाव
एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष व रिसर्च एनालिस्ट जतीन त्रिवेदी ने बताया कि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय सर्राफा बाजारों में प्रॉफिट बुकिंग तेज होने, रुपये के मजबूत होने और वैश्विक बाजारों में भारी बिकवाली से कीमतों पर दबाव बढ़ा है। रुपये में मजबूती से आयातित सोने की लागत घटती है, जिससे घरेलू वायदा बाजार में गिरावट और गहरी हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स पर सोने का वायदा भाव पिछले हफ्ते 370.9 डॉलर यानी 9.5 प्रतिशत गिरकर 3515.4 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ, जबकि चांदी 8.05 डॉलर यानी 16.4 प्रतिशत लुढ़ककर 41.07 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal