अयोध्या को नेपाल के जनकपुर से जोड़ने वाली नई ट्रेन सेवा सरयू- कमला एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन चलेगी और 604 किलोमीटर की दूरी लगभग 19 घंटे में तय करेगी। यह ट्रेन 10 स्टेशनों से गुजरेगी। अधिकारियों ने कहा कि यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार को अयोध्या कैंट से रवाना होगी, जबकि जनकपुर धाम से यह प्रत्येक शनिवार को रवाना होगी। इससे दोनों धार्मिक केंद्रों के बीच सीधा रेल संपर्क उपलब्ध हो जाएगा। उन्होंने कहा कि 17-कोच लिंक-हॉफमैन-बुश (एलएचबी) रेक वाली इस ट्रेन में 1,158 यात्रियों की क्षमता होगी और इसमें आठ एसी कोच, सात स्लीपर कोच, एक सीटिंग कोच और एक पावर कोच होंगे। एसी कोच में दो एसी टू-टियर कोच होंगे जिसमें प्रत्येक में 52 बर्थ होंगी। इसी तरह, इस ट्रेन में तीन एस थ्री-टियर कोच होंगे जिसमें प्रत्येक में 72 बर्थ होंगी और तीन एस थ्री टियर इकोनॉमी कोच होंगे जिसमें प्रत्येक में 80 बर्थ होंगी। वहीं सात स्लीपर कोचों में प्रत्येक में 80 बर्थ होंगी जबकि लगेज-कम-सीटिंग कोच में 38 सीटें होंगी। अधिकारियों के मुताबिक, इस ट्रेन का ठहराव जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकपुर और अयोध्या धाम होगा। यह ट्रेन माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर को भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या से जोड़ेगी और इससे रामायण से जुड़े धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों के मजबूत होने की संभावना है।
आईआरसीटीसी और रेलवे काउंटर से होगी टिकट बुकिंग
सरयू-कमला एक्सप्रेस में यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और रेलवे के आरक्षण केंद्रों से टिकट बुक करा सकेंगे। ट्रेन का मूल किराया भारतीय रेलवे में लागू दरों के अनुसार होगा। इसके अलावा यात्रियों को आरक्षण शुल्क, सुपरफास्ट चार्ज और लागू जीएसटी का भुगतान भी करना होगा। टिकट बुकिंग के समय पहचान पत्र का विवरण देना अनिवार्य होगा। पहचान पत्र के अंतिम चार अंक टिकट पर दर्ज किए जाएंगे। यात्रा के दौरान यात्रियों को टिकट के साथ वही पहचान पत्र दिखाना होगा, जिसका विवरण बुकिंग के समय दिया गया है। रेलवे ने सीटों का भी विशेष बंटवारा किया है। कुल उपलब्ध सीटों में से 70 प्रतिशत सीटें पूरी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए और 30 प्रतिशत सीटें बीच के स्टेशनों से सफर करने वालों के लिए निर्धारित की गई हैं।
तत्काल से लेकर वरिष्ठ नागरिकों की रियायत तक नहीं मिलेगी
सरयू-कमला एक्सप्रेस में यात्रा करने वाले यात्रियों को कई सुविधाओं से वंचित रहना होगा। इस ट्रेन में तत्काल और प्रीमियम तत्काल टिकट की बुकिंग नहीं होगी। वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली किराये में छूट भी लागू नहीं होगी। इसके अलावा महिला और वीआईपी कोटा की सुविधा भी नहीं मिलेगी। रेलवे पास, मानार्थ पास, विधायक कूपन और मिलिट्री वारंट पर भी इस ट्रेन में यात्रा नहीं की जा सकेगी। टिकट खो जाने की स्थिति में डुप्लीकेट टिकट जारी करने का भी प्रावधान नहीं रखा गया है। इतना ही नहीं, टिकट बुक कराने के बाद यात्री अपना बोर्डिंग स्टेशन भी नहीं बदल सकेंगे।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal