मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को CNH ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में ग्रेटर नोएडा में स्थापित होने वाले CNH प्लांट की आधारशिला रखी। करीब 1,220 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह प्लांट प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से प्लांट की आधारशिला रखी। इस दौरान उन्होंने कहा कि CNH प्लांट में बुलडोजर का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बुलडोजर पहले ही उत्तर प्रदेश की ब्रांड पहचान बन चुका है। इस प्लांट की स्थापना से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश में आए बदलावों और निवेश के बढ़ते अवसरों का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के सामने पलायन, उपेक्षा, पिछड़ेपन, पहचान और अराजकता जैसी कई चुनौतियां थीं।
आज उपद्रव से उत्सव प्रदेश बना उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश आज उपद्रव से उत्सव प्रदेश बन चुका है। प्रदेश में माफिया के शासन की जगह कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, फियरलेस बिजनेस और ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में देश-विदेश की कंपनियां निवेश के लिए आगे आ रही हैं। कंपनियों का प्रदेश में निवेश के प्रति बढ़ता रुझान यहां बदलते कारोबारी माहौल और औद्योगिक संभावनाओं को दर्शाता है।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal