Thursday , November 12 2026

सीएम योगी का तीखा हमला, कहा – घुसपैठियों के सामने नाक रगड़ने वाले देवभूमि के लोगों को बता रहे घुसपैठिया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताने वालों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों के सामने नाक रगड़ते हैं, वही देवभूमि के लोगों के प्रति जहर उगल रहे हैं। मां गंगा, यमुना, सरयू, राप्ती और रामगंगा उत्तराखंड से ही आती हैं। उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद वल्लभ पंत भी उत्तराखंड से थे। ऐसे में देवभूमि के लोगों पर अंगुली उठाना संकुचित और विभाजनकारी सोच का परिचायक है।
मुख्यमंत्री योगी बुधवार को पंडित गोविंद वल्लभ पंत उपवन में आयोजित उत्तराखंड महोत्सव-2026 को संबोधित कर रहे थे। योगी ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों पर सवाल उठाने वाले देश की रक्षा में उनके योगदान को भूल जाते हैं। देवभूमि का नौजवान सीमा पर तैनात रहते हुए यह नहीं देखता कि वह अरुणाचल में है या राजस्थान में। उसके लिए देश की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों की संवेदना लोक परंपरा, संस्कृति और आस्था से नहीं, बल्कि दुर्दांत माफियाओं से जुड़ी है। माफिया के मरने पर ये आंसू बहाते हैं, लेकिन देश के लिए बलिदान देने वालों का सम्मान करना भूल जाते हैं। योगी ने जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने वालों से सावधान रहने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी वीर चंद्र सिंह गढ़वाली का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने ब्रिटिश शासन में निर्दोष भारतीयों पर गोली चलाने के आदेश को मानने से इनकार कर दिया था। उन्होंने देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि दी और वर्तमान सीडीएस जनरल अनिल चौहान तथा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि ने देश को अनेक महान विभूतियां दी हैं। उत्तराखंड के लगभग हर परिवार में सेना के प्रति समर्पण का भाव है। योगी ने उत्तराखंड महापरिषद को आश्वस्त किया कि पंडित गोविंद वल्लभ पंत उपवन उसके आयोजनों के लिए सुरक्षित रहेगा। यहां उत्तराखंड से जुड़े कार्यक्रम निर्बाध रूप से होंगे और कोई अन्य गतिविधि नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार उत्तराखंडवासियों के साथ खड़ी है। महापरिषद पिछले 78 वर्षों से लखनऊ में देवभूमि की लोक संस्कृति, परंपराओं, लोक गायन और खानपान को संरक्षित कर रही है।
दो विभूतियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान
मुख्यमंत्री ने चमोली में जन्मे पद्मश्री सम्मानित वैज्ञानिक प्रोफेसर विजय प्रसाद डिमरी और अल्मोड़ा की प्रसिद्ध लोक गायिका बीना तिवारी को उत्तराखंड गौरव सम्मान से सम्मानित किया। उन्होंने दोनों के वैज्ञानिक, सांस्कृतिक और सामाजिक योगदान की सराहना की। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले पंडित गोविंद वल्लभ पंत, हेमवती नंदन बहुगुणा और नारायण दत्त तिवारी का भी स्मरण किया। उन्होंने नारायण दत्त तिवारी की जन्मशताब्दी का उल्लेख किया।
उत्तराखंड दर्पण स्मारिका 2026 का विमोचन
महोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य अतिथियों ने उत्तराखंड दर्पण स्मारिका 2026 के विशेषांक ”विकसित भारत श्रेष्ठ भारत” का विमोचन किया। इस अवसर पर स्मारिका के प्रधान संपादक पूरन सिंह जीना भी मौजूद रहे। यह स्मारिका उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की विकास यात्रा तथा सांस्कृतिक उपलब्धियों को संकलित करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है।
बाल कलाकारों ने भेंट किया स्मृति चिह्न
कार्यक्रम में उत्तराखंड महापरिषद के बाल लोक कलाकारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री के संबोधन के उपरांत उनके सामने गुरु गोरखनाथ जागर की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर कलाकारों ने उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को दर्शाते लोकगीत एवं नृत्य भी प्रस्तुत किए।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com