Wednesday , November 25 2026

धनतेरस पर लखनऊ के बाजारों में बरसी ‘लक्ष्मी’, 2,805 करोड़ के कारोबार से खिला व्यापार

धनतेरस पर लखनऊ के बाजारों में लक्ष्मी की कृपा बरसी। अमीनाबाद, नजीराबाद, रकाबगंज, यहियागंज, चौक, हजरतगंज, गोमतीनगर, अलीगंज, पत्रकारपुरम, आलमबाग, नाका हिंडोला, गणेशगंज समेत शहर के सभी बाजारों में देर रात तक भीड़ रही। सर्राफा, बर्तन, इलेक्ट्रानिक्स, वाहन, सजावटी सामान,रियल स्टेट, गारमेंट्स समेत अन्य बाजारों में लगभग 2,800 करोड़ का कारोबार हुआ। यहियागंज मेटल बाजार में देर रात तक बर्तनों की खरीद का सिलसिला जारी रहा। श्रीराम टावर, इंदिरानगर, हजरतगंज समेत शहर के सभी प्रमुख बाजारों में मोबाइल और लैपटॉप भी जमकर बिके। सबसे गाड़ी बीएमडब्ल्यू चिनहट के शोरूम से बिकी। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बाजार के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कहा कि पिछले वर्ष धनतेरस के अवसर पर हुई बिक्री के सापेक्ष इस वर्ष 15 से 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। लगभग 2,800 करोड़ रुपये का व्यापार राजधानी लखनऊ में धनतेरस के अवसर पर हुआ
एक करोड़ 43 लाख की बीएमडब्ल्यू बिकी
फैजाबाद रोड स्थित चिनहट के एक शोरूम से एक करोड़ 43 लाख की सबसे महंगी बीएमडब्ल्यू -एक्स 7 डीएम स्पोर्ट कार बिकी। धनतेरस पर जो रसीदें कटी हैं उनमें यह अब तक की सभी महंगी गाड़ी है। एआरटीओ प्रशासन प्रदीप सिंह के मुताबिक अभी वाहनों का देर रात तक का आंकड़ा और बदलेगा।
वाहनों से खाली हुए शोरूम हुए खाली, 782 वाहनों की डिलीवरी
शुभ मुहूर्त को लेकर पहले से कराई गई वाहनों की बुकिंग की डिलीवरी आज धनतेरस पर लोगों ने उठाई। 782 गाड़ियां पंजीकृत की गई हैं। एआरटीओ प्रशासन प्रदीप सिंह के मुताबिक ज्यादातर ग्राहकों ने वाहनों का पूजन कर उन्हें शोरूम से बाहर निकाला। नारियल तोड़ अपने परिवारीजनों के साथ वाहनों की डिलीवरी की कंपनियों में फोटो शूट कराई गई। कई जगहों पर अभिभावकों ने पहले बच्चों को चार पहिया वाहन में बिठाकर उनकी फोटो खींची। धनतेरस के अवसर पर ऑटोमोबाइल सेक्टर में खूब धूम रही। गोदाम हो या शोरूम सभी स्थानों पर शाम होते-होते गाड़ियां खत्म हो गईं। इस बार इवी वाहनों की बिक्री में धनतेरस पर 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन देर रात तक चलता रहा। आटोमोबाइल सेक्टर में करीब 350 करोड़ के व्यापार का अनुमान लगाया जा रहा है। डिलीवरी लेने वालों की कतारें लगी रहीं। एसयूवी, प्रीमियम कारों और इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर ग्राहकों की दिलचस्पी नजर आई। दोपहिया बाजार में स्कूटर और मोटरसाइकिल की मांग रही। शोरूम संचालकों ने एक्सचेंज बोनस, कैशबैक और विशेष फाइनेंस स्कीम रखीं। अयोध्या रोड, कानपुर रोड और सीतापुर रोड, रायबरेली रोड के साथ ही शहर के प्रमुख दो व चार पहिया शोरूमों में सुबह से ही भीड़ रही। इन वाहनों की प्री-बुकिंग ग्राहकों ने पहले से करा रखी थी।
बर्तन बाजार में भी रही रौनक
धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा का असर बाजारों में साफ दिखाई दिया। अमीनाबाद, नाका, चौक और अन्य प्रमुख बाजारों में पीतल, तांबे, स्टील और कांसे के बर्तनों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। लोगों ने पूजा के लिए नए बर्तन, थाली, कटोरी, गिलास, दीपक और रसोई से जुड़े अन्य सामान खरीदे। स्टील के बर्तनों के साथ तांबे और पीतल के उत्पादों की भी मांग रही। तांबे, पीतल, कांसे और स्टेनलेस स्टील के बर्तनों की दुकानों पर पैर रखने की जगह नहीं है। मान्यता के अनुसार, लोग धनतेरस के दिन अपनी रसोई के लिए नए बर्तन खरीदना शुभ मानते हैं।
550 करोड़ का मोबाइल, एसेसरीज, इलेक्ट्रानिक्स और लैपटॉप का व्यापार
इलेक्ट्रानिक्स बाजार में धूम रही। श्रीराम टावर में रात तक मोबाइल खरीदने वालों का हुजूम रहा। यूपी मोबाइल एसोसिएशन के अध्यक्ष नीरज जौहर ने बताया कि 225 करोड़ रुपये का मोबाइल और इससे जुड़ी एसेसरीज का व्यापार राजधानी में किया गया। वहीं इलेक्ट्रानिक आइटम टीवी, फ्रिज लैपटॉप और इनसे जुड़े कई आर्टिकल भी बहुतायत में बेचे गए। करीब 325 करोड़ के कारोबार का अनुमान है। इलेक्ट्रानिक और मोबाइल में कुल 550 करोड़ के कारोबार का अनुमान है।
सोना-चांदी महंगा होने के बाद भी सर्राफा बाजार में बनी रही चमक
चौक सर्राफा के अध्यक्ष कैलाश नाथ जैन और आदीश जैन ने बताया कि कारोबार अच्छा रहा है। रात तक दुकानों पर खरीदार रहे। हल्की और डिजाइनर ज्वेलरी की डिमांड रही। सोने की बिक्री करीब 60 फीसद और चांदी की 40 प्रतिशत बिक्री बाजार में हुई। चौक सर्राफा के मुताबिक एक लाख नौ हजार गिन्नी और चांदी के 2375 सिक्के बिके। लखनऊ सर्राफा एसोसिएशन के विनोद महेश्वरी के मुताबिक बाजार रात तक गुलजार रहे। चांदी और गिन्नी के खरीदार काफी रहे। लखनऊ सर्राफा के संयुक्त मंत्री एवं चौक के कारोबारी आदीश जैन ने बताया कि सर्राफा का नॉन ब्रांडेड ज्वेलरी, सिक्का, गिन्नी आदि का कारोबार करीब 200 करोड़ रुपये का रहा। वहीं ब्रांडेड के शोरूम अपना आंकड़ा जारी नहीं करते हैं लेकिन इससे कम का कारोबार नहीं रहा है। देर शाम चांदी के सिक्के खत्म हो गए। उसके बाद सिक्कों की नई खेप मंगा कर ग्राहकों की डिमांड पूरी की गई। वहीं, इब्जा के नार्थ इंडिया हेड अनुराग रस्तोगी ने बताया कि बाजार बेहतरीन रहा। युवाओं ने खासतौर पर शेयर मार्केट की तरह सोने में निवेश को लेकर खरीदारी की। सोना में पैसे का इंवेस्टमेंट हमेशा लाभप्रद रहा है।
कपड़ा कारोबार चमका
उप्र कपड़ा व्यापार मंडल के महामंत्री एवं कपड़ा कारोबारी प्रभू जालान ने बताया कि बाजार बेहतर रहा। करीब 275 करोड़ का आंकड़ा कपड़ा व्यवसाय ने छू लिया। सहालग होने और त्योहारी मौसम साथ में चलने की वजह से 275 करोड़ रुपये के आसपास व्यापार रहा। भूतनाथ के कारोबारी उत्तम कपूर का कहना है कि कपड़ा कारोबार अभी थमा नहीं है। सहालग है। इसे लेकर लोग आगे भी खरीदारी कर रहे हैं। यह आंकड़ा अभी और बढे़गा।
धनतेरस पर 915 रजिस्ट्री

  • धनतेरस के मौके पर उप निबंधक कार्यालयों में संपत्तियों की रजिस्ट्री कराने में सुबह से रात तक जिले के सभी कार्यालयों में मकान, प्लाट, फ्लैट, दुकान व कृषि कार्य के लिए खरीदी गई संपत्तियों की रजिस्ट्री कराई गई। रात तक कार्यालय खुले रहे। कुल 915 रजिस्ट्रियां हुई। इससे निबंधक विभाग को 18,79,19,240 रुपये की आय प्राप्त हुई। सबसे आगे सरोजनी नगर रहा। सहायक महानिरीक्षक द्वितीय रमेश ने बताया कि संपत्ति खरीदारों की रुचि रियल एस्टेट की तरफ बढ़ रहे शहर से जुड़े सरोजनी नगर की तरफ ज्यादा दिखी। उप निबंधक कार्यालय सरोजनी नगर द्वितीय में सबसे अधिक 122 रजिस्ट्री हुई। इससे सबसे अधिक आय 4,53,03,790 रुपये हुई। वहीं, दूसरे स्थान पर उप निबंधक कार्यालय सरोजनी नगर प्रथम रहा। यहां पर 120 रजिस्ट्री से 3,40,73,890 रुपये की आय हुई। इसी तरह मोहनलालगंज में 154 रजिस्ट्री से 1,95,51,650 रुपये की आय हुई। उपनिबंधक कार्यालय तृतीय लखनऊ सबसे पीछे रहा, कुल 68 रजिस्ट्री से 87,43,350 रुपये की आय हुई।
    पटाखा कारोबार ने पकड़ी रफ्तार, 30 करोड़ का कारोबार
    लखनऊ फायर वर्क्स डीलर एसोसिएशन के वरिष्ठ महामंत्री सतीश मिश्रा ने बताया कि कारोबार शुरू हो गया है। दीपावली तक पूरा कारोबार 50 करोड़ के इर्द-गिर्द रहने की उम्मीद है। लखनऊ फायर वर्क्स डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश चंद्र गुप्ता के मुताबिक थोक बाजार और फुटकर कारोबार की मानें तो अभी कहना थोड़ा मुश्किल है। लेकिन अब पटाखा व्यापार रफ्तार पकड़ रहा है। दीपावली की रात तक 50 करोड़ से ऊपर का व्यापार हो जाएगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com