Friday , November 6 2026

धनतेरस पर सीएम योगी की अपील : ओडीओपी उत्पाद को बनाए उपहार, मनाएं लोकल वाली दिवाली

इस धनतेरस अगर आप अपनों को कोई खास उपहार देने की सोच रहे हैं तो इस बार उत्तर प्रदेश की मिट्टी से जुड़े उत्पादों को तरजीह दें। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से अपील की है कि वे इस धनतेरस पर उपहार के रूप में ‘एक जिला, एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना के उत्पाद खरीदें और स्थानीय कारीगरों एवं शिल्पकारों को प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि ओडीओपी योजना के तहत तैयार उत्पादों की खरीदारी करें और स्थानीय कारीगरों व शिल्पकारों को प्रोत्साहित करें। CM योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “धनतेरस पर्व की समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मां लक्ष्मी की कृपा से सबके अंतर्मन में संतोष का दीप जले और जीवन प्रेम, प्रसन्नता व आनंद के प्रकाश से आलोकित हो। सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, आरोग्यता एवं सौभाग्य का वास हो।
सीएम योगी की ओर से एक और पोस्ट में लिखा गया, “आयुर्वेद के जनक, भगवान धन्वंतरि की जयंती पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भगवान धन्वंतरि का ज्ञान ‘स्वस्थ जीवन ही समृद्ध जीवन’ की राह दिखाता है। इस पावन अवसर पर उनसे सभी के लिए आरोग्यता, दीर्घायु एवं यश की कामना है।” स्थानीय उत्पादों की हर खरीदारी किसी कारीगर के परिवार के लिए आत्मनिर्भरता और सम्मान का अवसर बन सकती है। उन्होंने कहा कि भदोही के कालीन, प्रयागराज का मूंज शिल्प, मैनपुरी की तारकशी और चित्रकूट के काष्ठ खिलौने प्रदेश की समृद्ध कला और संस्कृति की पहचान हैं।
दो लाख करोड़ के पार पहुंचा यूपी का निर्यात
सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश का निर्यात वर्ष 2016-17 के 84 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2025-26 में दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि लखनऊ और ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट के साथ भदोही का कार्पेट बाजार प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
लोकल उत्पादों से रोशन करें दिवाली
सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ विजन का उल्लेख करते हुए लोगों से स्थानीय उत्पादों को अपनाने और ‘लोकल वाली दिवाली’ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि इस धनतेरस पर ओडीओपी उत्पादों को उपहार के रूप में देकर ‘लोकल वाली दिवाली’ मनाएं। इससे स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों को रोजगार मिलेगा और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा उन्होंने प्रदेशवासियों को धन्वंतरि जयंती और धनतेरस की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा, “आइए, ‘लोकल वाली दिवाली’ मनाएं और ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। धन्वंतरि जयंती और धनतेरस की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com