Friday , November 6 2026

दिवाली-छठ पर लखनऊ मंडल से गुजरेंगी 54 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, 386 CCTV कैमरों से होगी निगरानी

दीपावली और छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने विशेष इंतजाम किए हैं। त्योहारों के दौरान मंडल के स्टेशनों से 54 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें कुल 1,704 फेरों में गुजरेंगी। जरूरत पड़ने पर 10 अतिरिक्त टीओडी स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाएंगी। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए लखनऊ, वाराणसी और अयोध्या के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया, अतिरिक्त शेल्टर और निगरानी की व्यवस्था की गई है।
चारबाग में 26 अस्थायी शेल्टर, सात अतिरिक्त रेक रहेंगे उपलब्ध
लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के पीआरएस भवन में होल्डिंग एरिया बनाया गया है। इसके अलावा प्लेटफॉर्मों पर 26 अस्थायी शेल्टर तैयार किए गए हैं। स्टेशन पर सात अतिरिक्त रेक उपलब्ध रहेंगे। वहीं, आठ नियमित ट्रेनों में एक-एक अतिरिक्त शयनयान कोच लगाया जा रहा है। वाराणसी जंक्शन पर 400 से 500 यात्रियों की क्षमता वाला होल्डिंग एरिया विकसित किया जा रहा है। अयोध्या धाम और अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशनों पर भी 2,500-2,500 यात्रियों की क्षमता वाले होल्डिंग एरिया प्रस्तावित हैं। रेलवे की योजना के मुताबिक, नौ से 13 नवंबर के बीच जरूरत के अनुसार 10 टीओडी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा सकती हैं।
386 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए लखनऊ, वाराणसी और अयोध्या धाम स्टेशनों पर कुल 386 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। आरपीएफ के जवान भी अलग-अलग शिफ्ट में तैनात रहेंगे। लखनऊ और वाराणसी में 45-45 आरपीएफ जवान प्रति शिफ्ट तैनात रहेंगे। अयोध्या धाम स्टेशन पर प्रति शिफ्ट 17 जवान सुरक्षा संभालेंगे। बैगेज स्कैनर समेत अन्य सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं।
टिकट बुकिंग और यात्रियों की मदद के लिए खास इंतजाम
टिकट लेने में यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ में 23, वाराणसी में 24 और अयोध्या के दोनों स्टेशनों पर सात-सात एटीवीएम यानी स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीनें लगाई गई हैं। अयोध्या में रेलवन ऐप से टिकट बुकिंग के लिए 15-15 मोबाइल क्यूआर कोड भी लगाए गए हैं।
मंडल में 24 घंटे वार रूम से निगरानी की जाएगी। यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 और रेल मदद सेवा उपलब्ध रहेगी। वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
तीन मिनट में खत्म हुईं तत्काल की 498 सीटें
दिवाली पर दिल्ली और मुंबई से लखनऊ आने वाले यात्रियों की भीड़ शुक्रवार से बढ़ने की उम्मीद है। इस बीच तत्काल टिकटों के लिए यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार की यात्रा के लिए गुरुवार सुबह 10 बजे से तत्काल कोटे में सीट बुक कराने की कोशिश शुरू हुई, लेकिन महज तीन मिनट में 498 सीटें बुक हो गईं। दिल्ली से आने वाली एसी एक्सप्रेस, लखनऊ मेल, गोमती और कैफियात एक्सप्रेस के साथ मुंबई से आने वाली पुष्पक और कुशीनगर एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में तत्काल कोटे की सीटें कुछ ही मिनटों में खत्म हो गईं। इससे त्योहार पर घर लौटने की तैयारी कर रहे कई यात्रियों को निराशा हाथ लगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com