दसवीं में अच्छे अंक हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए डॉक्टर और इंजीनियर बनने की राह आसान होगी। योगी सरकार जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में कक्षा 12 के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को जेईई और नीट की तैयारी के लिए दक्षणा फाउंडेशन के माध्यम से एक साल की निःशुल्क कोचिंग दिलाएगी। चयनित विद्यार्थियों को पुणे के निकट दक्षणा वैली परिसर में कोचिंग के साथ आवास और भोजन की सुविधा भी मुफ्त मिलेगी। समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह के अनुसार, शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 12 विज्ञान वर्ग में पढ़ रहे और मई 2027 तक बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी संयुक्त दक्षणा चयन परीक्षा (जेडीएसटी-2027) के लिए निर्धारित पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। इंजीनियरिंग की तैयारी के लिए सामान्य श्रेणी के छात्रों के कक्षा 10 के गणित और विज्ञान में कम से कम 85 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। छात्राओं के लिए यह सीमा 80 प्रतिशत रखी गई है। अन्य श्रेणियों और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए अलग मानक निर्धारित हैं।
नीट के लिए श्रेणीवार कटऑफ
मेडिकल वर्ग में सामान्य श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए दसवीं में 80 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए 75 प्रतिशत, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों के लिए 65 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं।
पारिवारिक आय की शर्त भी जरूरी
योजना का लाभ लेने के लिए छात्रों के परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये और छात्राओं के परिवार की आय पांच लाख रुपये से कम होनी चाहिए। सर्वोदय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पात्र विद्यार्थियों को आवेदन के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। इच्छुक विद्यार्थी https://apply.scholarship.dakshana.org पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal