Tuesday , October 20 2026

27 स्थानों के लिए 146 क्रिकेटरों की सूची जारी, कोच्चि में लगेगी बोली

भारतीय बल्लेबाज जी कमलिनी, ऑलराउंडर स्नेह राणा, ऑस्ट्रेलिया की कप्तान सोफी मोलिन्यू और श्रीलंका की कप्तान चामरी अटापट्टू उन 146 खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें 28 अक्टूबर को कोच्चि में होने वाली महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) की नीलामी सूची में रखा गया है। लीग के 2027 सत्र से पहले उपलब्ध 27 स्थानों के लिए इन खिलाड़ियों पर बोली लगेगी। नीलामी सूची में 22 भारतीय ‘कैप्ड’ खिलाड़ी, 14 विदेशी ‘कैप्ड’ खिलाड़ी, 97 ‘अनकैप्ड’ (जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला हो) भारतीय खिलाड़ी और 13 ‘अनकैप्ड’ विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। नीलामी के लिए सबसे अधिक बेस प्राइस 50 लाख रुपये रखा गया है। इसके अलावा खिलाड़ियों को 40 लाख, 30 लाख, 20 लाख और 10 लाख रुपये के बेस प्राइस वाली श्रेणियों में रखा गया है। मुंबई इंडियंस ने विकेटकीपर-बल्लेबाज कमलिनी को नीलामी से पहले टीम से रिलीज कर दिया था। उन्हें 40 लाख रुपये के बेस प्राइस वाली श्रेणी में रखा गया है। दिल्ली कैपिटल्स ने स्नेह राणा को रिलीज किया था। उन्हें 30 लाख रुपये के बेस प्राइस वाली श्रेणी में रखा गया है। श्रीलंका की कप्तान अटापट्टू भी इसी श्रेणी में शामिल हैं। 40 लाख रुपये के बेस प्राइस वाली श्रेणी में भारत की किरण नवगिरे और ऑस्ट्रेलिया की हीथर ग्राहम तथा जेस जोनासन जैसी प्रमुख खिलाड़ी भी शामिल हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से रिलीज की गई ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर मोलिन्यू का बेस प्राइस 50 लाख रुपये है। सबसे अधिक बेस प्राइस वाली श्रेणी में केवल दो खिलाड़ी हैं। इसमें इंग्लैंड की सोफिया डंकली भी शामिल हैं। डंकली 2024 में गुजरात जायंट्स की ओर से खेल चुकी हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com