दशहरा, धनतेरस और दिवाली के दौरान आग लगने की घटनाओं से निपटने के लिए लखनऊ में अग्निशमन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और बस्तियों के आसपास 30 स्थानों पर दमकल की गाड़ियां तैनात की गई हैं। मल्टी डिजास्टर रिस्पांस व्हीकल समेत 46 दमकल गाड़ियों और 300 अग्निशमन कर्मियों को अलर्ट पर रखा गया है। विभाग का दावा है कि रास्ते में जाम या अतिक्रमण की बाधा न होने पर सूचना मिलने के पांच से 10 मिनट के भीतर दमकल की टीम मौके पर पहुंच सकती है।
नौ फायर स्टेशनों को किया गया अलर्ट
अग्निशमन विभाग ने सभी नौ फायर स्टेशनों के अग्निशमन अधिकारियों (एफएसओ) को अलर्ट कर दिया है। निर्धारित स्थानों पर खड़ी प्रत्येक दमकल गाड़ी के साथ चार जवान तैनात किए गए हैं, जबकि अन्य कर्मियों और संसाधनों को रिजर्व में रखा गया है। आग लगने की सूचना मिलते ही संबंधित टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया जाएगा। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और संकरी सड़कों को देखते हुए दमकल के रास्ते को जाममुक्त रखने की व्यवस्था भी की जा रही है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि दमकल की गाड़ी दिखाई देने पर उसे तुरंत रास्ता दें, ताकि राहत और बचाव कार्य में देरी न हो।
इन 30 स्थानों पर तैनात की गई दमकल
शहर के संवेदनशील इलाकों और प्रमुख बाजारों तक जल्द पहुंचने के लिए अमीनाबाद, चौक, तालकटोरा, महानगर चौराहा, पुरनिया चौराहा, टेढ़ी पुलिया, पॉलीटेक्निक चौराहा, तेलीबाग, गोसाईगंज, रकाबगंज पुल, पत्रकारपुरम चौराहा, भूतनाथ, मुंशी पुलिया, बंथरा बाजार, आलमबाग चौराहे से बस अड्डे के बीच, कमता, सीतापुर रोड, छठा मील, आईआईएम रोड, कपूरथला, महानगर गोल मार्केट, विकासनगर, नक्खास, दुबग्गा, सरोजनीनगर, कृष्णानगर, बुद्धेश्वर, बीकेटी, इटौंजा और इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर अग्निशमन दस्ते तैयार किए गए हैं।
आग लगने पर इन नंबरों पर करें संपर्क
हजरतगंज फायर स्टेशन: 9454418642
इंदिरानगर फायर स्टेशन: 9454418650
पीजीआई फायर स्टेशन: 9454418646
चौक फायर स्टेशन: 9454418644
गोमतीनगर फायर स्टेशन: 9454418658
आलमबाग फायर स्टेशन: 9454418648
सरोजनीनगर फायर स्टेशन: 9454418656
बीकेटी फायर स्टेशन: 9454418652
गोसाईगंज फायर स्टेशन: 7839861686
विभाग के पास ये संसाधन मौजूद
अग्निशमन विभाग ने त्योहारों के दौरान आग बुझाने और राहत-बचाव कार्य के लिए विभिन्न प्रकार के वाहनों और उपकरणों को तैयार रखा है।
मल्टी डिजास्टर रिस्पांस व्हीकल: 1, अत्याधुनिक रेस्क्यू उपकरणों से लैस
हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म: 2
वाटर बाउजर: 3
फोम टेंडर: 3
वाटर टेंडर: 20
वाटर मिस्ट हाईप्रेशर टेंडर: 5
वाटर क्विक रिस्पांस व्हीकल: 2
बुलेट मोटरसाइकिल: 10
एडवांस रेस्क्यू टेंडर: 1
जल्द पहुंचने से कम होगा जान-माल का नुकसान
लखनऊ के मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने बताया कि अग्निकांड से निपटने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि दमकल को देखते ही रास्ता दें, क्योंकि घटनास्थल पर जितनी जल्दी टीम पहुंचेगी, उतनी ही तेजी से आग बुझाने का काम शुरू हो सकेगा और जान-माल के नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि घने बाजारों और संवेदनशील इलाकों में भी दमकल की गाड़ियां तैनात की गई हैं और सभी टीमों को अलर्ट कर दिया गया है।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal