अभिनेता नाना पाटेकर का महाराष्ट्र के पुणे जिले में स्थित उनके फार्महाउस में बृहस्पतिवार रात पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। पाटेकर के पुत्र मल्हार ने उन्हें मुखाग्नि दी। डोंजे गांव स्थित फार्महाउस में हजारों लोग पाटेकर को अंतिम विदाई देने पहुंचे। इस दौरान लोगों ने ‘नाना अमर रहें’ के नारे लगाए। अभिनेता के सहयोगियों के अनुसार, पाटेकर ने इच्छा जताई थी कि उनका अंतिम संस्कार फार्महाउस में किया जाए। नाना पाटेकर का पार्थिव शरीर बृहस्पतिवार रात गोवा से पुणे लाया गया और इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हवाई अड्डे पर मौजूद थे। इसके बाद पार्थिव शरीर को सिंहगढ़ किले के पास डोंजे गांव स्थित अभिनेता के फार्महाउस ले जाया गया। पाटेकर (75) का आज सुबह गोवा स्थित उनके आवास पर निधन हो गया था। अंतिम संस्कार के दौरान महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले और मुरलीधर मोहोल, महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटिल, उदय सामंत और माधुरी मिसाल, लोकसभा सदस्य सुनील तटकरे, ‘नाम फाउंडेशन’ के सह-संस्थापक एवं अभिनेता मकरंद अनसपुरे, एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे, अभिनेता जैकी श्रॉफ, साजिद, फिल्म निर्माता अनिल शर्मा और साजिद नाडियाडवाला समेत बॉलीवुड, राजनीति, खेल और सामाजिक क्षेत्र की कई हस्तियां मौजूद थीं।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal