Thursday , September 17 2026

PM Narendra Modi के 76वें जन्मदिन पर Varanasi में गंगा तट पर 76 बटुकों ने किया विशेष दुग्ध अभिषेक

वाराणसी में बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी हो रही है जिनमें में गुजरात के वडनगर तक मोटरसाइकिल यात्रा और 76 युवा पुरोहितों द्वारा प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना के लिए गंगा की विशेष पूजा-अर्चना मुख्य आयोजन हैं। नरेन्द्र मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय विधायक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री नीलकंठ तिवारी ने धार्मिक कार्यक्रम का नेतृत्व किया। इस दौरान 76 ‘बटुकों’ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगा तट पर अनुष्ठान किए। पुरोहितों ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और नरेन्द्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा कुशलक्षेम के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम में शामिल कई लोग हाथों में मोदी की तस्वीर लिये देखे गए। नरेन्द्र मोदी लोकसभा में वाराणसी का प्रतिनिधित्व करते हैं। तिवारी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन सेवा, आध्यात्मिक आस्था और जनकल्याण पर केंद्रित विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘इसके तहत 76 बटुकों ने मां गंगा का दुग्ध अभिषेक किया और प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य तथा दीर्घायु के लिए प्रार्थना की।’’ उन्होंने कहा कि काशी की धार्मिक-आध्यात्मिक परंपराओं में गंगा का विशेष स्थान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर गंगा की पूजा-अर्चना करना तथा मोदी के लंबे तथा स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करना शहर की आस्था और परंपराओं से जुड़ा हुआ है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय निवासी शामिल हुए। वाराणसी में दिनभर कई अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे जिनमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा राज्य के कई मंत्री व विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हो सकते हैं। दिन के कार्यक्रमों का एक प्रमुख आकर्षण वाराणसी से गुजरात में नरेन्द्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर तक की ‘सेवा संकल्प’ मोटरसाइकिल यात्रा है जिसके तहत करीब 500 लोग 250 मोटरसाइकिलों पर यह यात्रा करेंगे। इस यात्रा को राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ रुद्राक्ष सम्मेलन केंद्र से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम में चंद्रबाबू नायडू, चिराग पासवान, पंकज चौधरी तथा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के भी शामिल हो सकते हैं। मोटरसाइकिल यात्रा शुरू होने से पहले इसमें शामिल 51 सेवा स्वयंसेवक ललिता घाट पहुंचेंगे और गंगाजल लेकर पूजा-अर्चना तथा जलाभिषेक के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे। यह मोटरसाइकिल यात्रा उत्तर प्रदेश के 50 जिलों से होकर गुजरेगी जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे व्यापक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com