उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर स्थित विश्वकर्मा मंदिर में आयोजित श्री विश्वकर्मा पूजनोत्सव में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सीएम योगी ने उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की भी कामना की।
भगवान विश्वकर्मा और पीएम मोदी का एक ही दिन जन्मदिन
पूजनोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज का दिन देश और प्रदेशवासियों के लिए विशेष है। उन्होंने कहा कि आज जगत के निर्माता भगवान विश्वकर्मा की जयंती है और इसी दिन नए भारत के शिल्पकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। सीएम योगी ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि के निर्माण और शिल्पकला का अधिष्ठाता माना जाता है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नए भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
पीएम मोदी के लिए मांगी दीर्घायु की कामना
मुख्यमंत्री ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि देश को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास और निर्माण की नई दिशा मिली है। मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा समाज और प्रदेशवासियों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं भी दीं।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal