मिजोरम लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) ने आयोग के कामकाज को लेकर एक प्रभावशाली छात्र संगठन के आंदोलन के बाद कई जारी भर्ती प्रक्रियाओं को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मिजो जिरलाई पावल (एमजेडपी) के सदस्य सोमवार से आयोग कार्यालय के बाहर धरना दे रहे हैं और कर्मचारियों को कार्यालय में प्रवेश करने से रोक रहे हैं। मंगलवार को आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा। एमपीएससी ने एक अधिसूचना में कहा कि कार्यालय में कामकाज बाधित होने के कारण उसे भर्ती संबंधी कई गतिविधियों को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा है और पहले से निर्धारित कुछ कार्यक्रमों को टालना पड़ा है। आयोग ने कहा कि विभिन्न विभागों में समूह ‘सी’ पदों के लिए होने वाली परीक्षाएं प्रभावित हो सकती हैं, क्योंकि मौजूदा स्थिति में एमपीएससी द्वारा तैयार प्रश्नपत्रों का वितरण नहीं किया जा सका है। आयोग ने बताया कि संबंधित विभागों को प्रश्नपत्र वितरण के संबंध में आगे के निर्देशों का इंतजार करने को कहा गया है। वहीं, जिन विभागों ने अपनी भर्ती परीक्षाओं के लिए एमपीएससी के परीक्षा कक्षों का इस्तेमाल करने की व्यवस्था की थी, उन्हें वैकल्पिक इंतजाम करने की सलाह दी गई है। आयोग ने बताया कि 11 से 14 अगस्त के बीच निर्धारित सभी लिखित परीक्षाएं और व्यक्तिगत साक्षात्कार भी स्थगित कर दिए गए हैं, क्योंकि इन्हें तय समय पर आयोजित नहीं किया जा सकता।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal