सावन के दूसरे सोमवार पर सिरसिया स्थित प्रसिद्ध बाबा विभूतिनाथ मंदिर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पांडवकालीन इस शिव मंदिर में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचने लगे।
मंदिर के कपाट सुबह चार बजे खुलते ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। मंदिर परिसर से बाहर तक श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई दी। पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।
बाबा विभूतिनाथ का हुआ विशेष श्रृंगार
सावन के दूसरे सोमवार के अवसर पर बाबा विभूतिनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया। दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे शिवभक्तों ने विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन किया। श्रद्धालुओं ने बाबा को जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। मंदिर परिसर में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। श्रावस्ती के अलावा आसपास के जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal