Sunday , September 27 2026

9 से 17 अगस्त तक चलेगा अभियान, PM मोदी ने देशवासियों से की उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील

देशभर में रविवार से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2022 में शुरू हुआ यह अभियान अब राष्ट्रप्रेम और जनभागीदारी के व्यापक अभियान का रूप ले चुका है। इस वर्ष 9 से 17 अगस्त तक देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संस्कृति मंत्रालय की पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए देशवासियों से अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश का गौरव है और प्रत्येक नागरिक को देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री ने इस वर्ष के अभियान को ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ को समर्पित किए जाने पर भी खुशी जताई।
तिरंगा यात्राओं और रैलियों से देशभर में बनेगा माहौल
संस्कृति मंत्रालय की ओर से अभियान की वेबसाइट भी लॉन्च की गई है। मंत्रालय ने कहा कि पिछले 150 वर्षों से ‘वंदे मातरम’ का उद्घोष देश की भावना को प्रेरित करता रहा है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में तिरंगा यात्राओं, रैलियों, संगीत कार्यक्रमों और सामूहिक गायन के माध्यम से इस भावना को हर घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
यूपी में 10 से 15 अगस्त तक भाजपा का विशेष अभियान
उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 10 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा’ अभियान चलाने का फैसला किया है। पार्टी इसे बड़े जनसंपर्क अभियान के रूप में संचालित करेगी। भाजपा ने अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने की रणनीति बनाई है। कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बूथ पर कम से कम 50 परिवारों को अभियान से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। इसके अलावा प्रदेशभर में तिरंगा यात्राएं निकालने, शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान करने तथा स्वच्छता अभियान चलाने की योजना है। ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
राजस्थान में हर घर तिरंगा फहराने की अपील
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों से 9 से 17 अगस्त तक अभियान में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तिरंगा राष्ट्र की अस्मिता, एकता और गौरव का सर्वोच्च प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपने घर, प्रतिष्ठान और संस्थान पर सम्मान के साथ तिरंगा फहराने तथा अपनी सेल्फी ‘हर घर तिरंगा’ वेबसाइट पर अपलोड करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के इस अभियान के माध्यम से राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को व्यक्त किया जाए।
एमपी में भी अभियान को राष्ट्रभक्ति का पर्व बनाने की अपील
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी प्रदेशवासियों से 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अभियान में भाग लेकर इसे राष्ट्रभक्ति के पर्व के रूप में मनाने का आह्वान किया।
हरियाणा में यूथ मैराथन और वंदे मातरम कॉन्सर्ट
हरियाणा में भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां ‘यूथ मैराथन एवं वंदे मातरम कॉन्सर्ट’ का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल हुए।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com