नयी दिल्ली, दो अगस्त ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के लिए अब तक 1.45 लाख से अधिक महिलाओं ने पंजीकरण कराया है। सरकार ने योजना शुरू होने के एक दिन बाद रविवार को यह जानकारी दी। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, रविवार रात 10 बजे तक पोर्टल पर 1,47,215 पंजीकरण पूरे हो चुके थे जबकि 10,286 आवेदन अंतिम रूप से जमा किए गए थे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को इस योजना के लिए ऑनलाइन पोर्टल की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। दिल्ली सरकार ने इस योजना के लिए 5,100 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में दिल्ली मंत्रिमंडल ने इस सप्ताह की शुरुआत में इस योजना को मंजूरी दी थी। दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान यह योजना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रमुख वादों में से एक थी। योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार, 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की वे महिलाएं, जिनके परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये तक है, इस योजना के लिए पंजीकरण करा सकती हैं।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal