Thursday , July 30 2026

डाबर इंडिया का एकीकृत शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 15.3 प्रतिशत बढ़कर 586.16 करोड़ रुपये हुआ

नयी दिल्ली, 29 जुलाई रोजमर्रा के उपभोग का सामान बनाने वाली (एफएमसीजी) कंपनी डाबर इंडिया का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में 15.3 प्रतिशत बढ़कर 586.16 करोड़ रुपये हो गया। डाबर इंडिया ने शेयर बाजार को दी सूचना में बुधवार को यह जानकारी दी। वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में कंपनी ने 508.29 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 10.56 प्रतिशत बढ़कर 3,764.39 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 3,404.58 करोड़ रुपये थी। जून तिमाही में डाबर इंडिया का कुल खर्च 10.23 प्रतिशत बढ़कर 3,180.80 करोड़ रुपये रहा। कंपनी की कुल आय 10.9 प्रतिशत बढ़कर 3,936.95 करोड़ रुपये हो गई। डाबर इंडिया के वैश्विक मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मोहित मल्होत्रा ने नतीजों पर टिप्पणी करते हुए कहा, ‘‘डाबर के लिए यह लगातार तीसरी तिमाही है, जिसमें दहाई अंक की लाभ वृद्धि दर्ज की गई है।’’ समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की घरेलू कारोबार से जुड़ी एकल परिचालन आय 8.8 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2,687.34 करोड़ रुपये हो गई। बीएसई पर डाबर इंडिया का शेयर बुधवार को 2.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 433.45 रुपये पर बंद हुआ।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com