ढाका, 29 जुलाई बांग्लादेश के विदेश मंत्री ने बुधवार को कहा कि उनका देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अपने समकक्ष तारिक रहमान को भारत आने के लिए दिए गए निमंत्रण पर ‘विचार’ कर रहा है। विदेश मंत्री खलीलुर रहमान ने यह बात तब कही, जब उनसे दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री तारिक रहमान को दिए गए भारत के निमंत्रण के बारे में पूछा गया। भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी के ढाका आने के पांच सप्ताह बाद रहमान से शिष्टाचार भेंट की, जिसके बाद रहमान ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हम अभी इस (आमंत्रण) पर विचार कर रहे हैं।’’ ढाका में भारतीय उच्चायोग ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उच्चायुक्त ने ‘‘बांग्लादेश के साथ आपसी हितों और आपसी लाभ पर आधारित सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्योन्मुखी साझेदारी के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया, साथ ही सभी क्षेत्रों में लोगों पर केंद्रित सहयोग को और गहरा करने की बात कही।’’ पोस्ट में कहा गया कि उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर व्यापक चर्चा के लिए विदेश राज्य मंत्री शमा ओबेद इस्लाम से भी मुलाकात की। रहमान ने कहा कि प्रधानमंत्री को विदेश यात्राओं के लिए कई आमंत्रण मिले हैं और उन्हें न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र महासभा में भी शामिल होना है। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए, हमें इन सभी कार्यक्रमों पर एक साथ विचार करना होगा।’’ प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले फरवरी में अपने बांग्लादेशी समकक्ष को परिवार के साथ भारत आने का निमंत्रण दिया था। बांग्लादेशी अधिकारियों के अनुसार, मोदी ने पिछले हफ्ते रहमान को आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए एक और विशेष निमंत्रण भेजा।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal