Wednesday , July 29 2026

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन अगस्त से करेंगी ओडिशा का तीन दिवसीय दौरा, ट्रेन से भी करेंगी सफर

भुवनेश्वर, 28 जुलाई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन अगस्त को ओडिशा के तीन दिवसीय दौरे पर आएंगी, जहां वह कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ ही भुवनेश्वर से ब्रह्मपुर के बीच ट्रेन से यात्रा करेंगी। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति कटक, खुर्दा और गंजाम जिलों का दौरा करेंगी और उनकी यात्रा से जुड़ी तैयारियों का जायजा लेने के लिए यहां मुख्य सचिव अनु गर्ग की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। अधिकारियों के मुताबिक, बैठक में गर्ग ने सभी संबंधित विभागों को तय समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति तीन अगस्त की दोपहर नयी दिल्ली से विशेष विमान के जरिये भुवनेश्वर पहुंचेंगी, जिसके बाद वह सड़क मार्ग से कटक जिले की डमापाड़ा तहसील में बांगा के पास स्थित जगद्गुरु कृपालु विश्वविद्यालय जाएंगी। कार्यक्रम के मुताबिक, संस्थान का उद्घाटन करने के बाद राष्ट्रपति रात को भुवनेश्वर लौट आएंगी। एक आधिकारिक बयान में कहा गया, “अगले दिन चार अगस्त को राष्ट्रपति भुवनेश्वर से ब्रह्मपुर तक ट्रेन से यात्रा करेंगी। यह रेल यात्रा मानसूनी बारिश से उपजी मौजूदा स्थितियों को ध्यान में रखकर तय की गई है।” बयान में कहा गया है कि ब्रह्मपुर से मुर्मू सड़क मार्ग से तप्तपानी जाएंगी, जहां वह वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेने से पहले मां कंधुनी देवी पीठ में पूजा-अर्चना और आरती करेंगी। वह ब्रह्मपुर के पास धबलेश्वर मंदिर भी जाएंगी। बयान के मुताबिक, राष्ट्रपति के पांच अगस्त को ट्रेन से भुवनेश्वर लौटने और भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से नयी दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com