उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को आगरा में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों और उच्च शिक्षण संस्थानों से राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि देश के भीतर कुछ ताकतें षड्यंत्र रचकर समाज में भ्रम और अव्यवस्था फैलाने की कोशिश करें, तो शिक्षक समाज को उनके खिलाफ मजबूती से खड़ा होना चाहिए। मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा विभाग की ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। यह योजना प्रदेश के 7.50 लाख से अधिक शिक्षकों और उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान हमेशा सर्वोच्च रहा है। चाहे गुरुकुल परंपरा हो या आधुनिक शिक्षा व्यवस्था, शिक्षक समाज को दिशा देने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम रहे हैं। उन्होंने बिना किसी संगठन या व्यक्ति का नाम लिए कहा कि कुछ शक्तियां भारत की प्रगति से असहज हैं और आधुनिक तकनीक तथा बाहरी संसाधनों का उपयोग कर समाज में भ्रम और विद्वेष फैलाने का प्रयास करती हैं। ऐसे समय में शिक्षकों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal