Tuesday , July 21 2026

ODOP और हस्तशिल्प उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार, यूपी ट्रेड प्रमोशन अथॉरिटी ने बनाई नई रणनीति; हर जिले में होंगे स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम

मंडलायुक्त शिविर कार्यालय में आयुक्त एवं निदेशक उद्योग तथा यूपी ट्रेड प्रमोशन अथॉरिटी के अध्यक्ष के. विजयेन्द्र पांडियन की अध्यक्षता में यूपी ट्रेड प्रमोशन अथॉरिटी एवं उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय की 35वीं शासी निकाय बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश के वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP), हस्तशिल्प उत्पादों और निर्यातक इकाइयों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेहतर पहचान दिलाने के लिए वर्षभर आयोजित होने वाले मेलों और प्रदर्शनियों में भागीदारी की रणनीति पर चर्चा की गई।
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, महिलाओं और दिव्यांगों को मिलेगा प्रशिक्षण
बैठक में अध्यक्ष के. विजयेन्द्र पांडियन ने निर्देश दिए कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, दिव्यांगजन और महिलाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
इसी उद्देश्य से यूपी ट्रेड प्रमोशन अथॉरिटी के माध्यम से प्रदेश के सभी जनपदों में कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
अथॉरिटी का बदलेगा नाम
बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए तय किया गया कि यूपी ट्रेड प्रमोशन अथॉरिटी को अब ‘यूपी ट्रेड एंड स्किल प्रमोशन सेंटर’ के नाम से जाना जाएगा। नए स्वरूप के तहत व्यापार संवर्धन के साथ-साथ कौशल विकास गतिविधियों को भी व्यापक स्तर पर बढ़ावा दिया जाएगा। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सदस्य सचिव उमेश चंद्र, लेखाधिकारी शिशिर चंद्र निगम, जिला सूचना अधिकारी शांतनु कुमार श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश राज्य हथकरघा निगम के प्रतिनिधि, यूपिका के अमित पाल सिंह तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट पी.के. मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com