Tuesday , July 21 2026

महादेव के दरबार से बाराबंकी को 542 करोड़ की सौगात, सड़क-शिक्षा से पर्यटन तक बदलेगी जिले की तस्वीर

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को रामनगर तहसील स्थित श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:55 बजे हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। आगमन के बाद वह श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे तथा निर्माणाधीन महादेवा कॉरिडोर का अवलोकन करेंगे। इसके अलावा श्रावण मास मेले की तैयारियों एवं श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के साथ विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का भी अवलोकन करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान रामनगर एवं दरियाबाद विधानसभा क्षेत्रों की 542.41 करोड़ लागत की 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। साथ ही प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद दोपहर 1:00 बजे हेलीकॉप्टर से उनका प्रस्थान प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के कर-कमलों से कुल 82 परियोजनाएं जनसामान्य को समर्पित की जाएंगी। इनमें 56 परियोजनाओं का शिलान्यास 409.09 करोड़ तथा 28 परियोजनाओं का लोकार्पण 133.31 करोड़ की लागत से होगा। विधानसभा दरियाबाद क्षेत्र में 260.12 करोड़ की लागत से 46 परियोजनाएं (34 शिलान्यास एवं 12 लोकार्पण) तथा विधानसभा रामनगर क्षेत्र में 282.28 करोड़ की लागत से 36 परियोजनाएं (22 शिलान्यास एवं 14 लोकार्पण) जनता को समर्पित की जाएंगी। इसमें काशी विश्वनाथ की तर्ज पर विकसित किए जा रहे महादेव कॉरिडोर का शिलान्यास भी शामिल है।
प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा, स्वच्छता, पार्किंग, बैरिकेडिंग सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं समन्वित ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान जारी सुरक्षा एवं यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें, जिससे कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित हो सके।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com