Thursday , July 30 2026

आज से देशभर में जगन्नाथ रथ यात्रा का शुभारंभ, राष्ट्रपति मुर्मू समेत पीएम मोदी और सीएम योगी ने दी बधाई, पूरी में बारिश जारी

भगवान श्री जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा गुरुवार को पूरे श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के साथ शुरू हुई। ओडिशा के पुरी से लेकर गुजरात के अहमदाबाद तक लाखों श्रद्धालु इस पावन आयोजन में शामिल हुए। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान जगन्नाथ से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा सनातन संस्कृति की अगाध आस्था, सामाजिक समरसता और लोकमंगल की पावन प्रतीक है। उन्होंने प्रार्थना की कि महाप्रभु श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की कृपा समस्त चराचर जगत पर बनी रहे तथा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता का वास हो। उन्होंने अपने संदेश का समापन “जय जगन्नाथ” के उद्घोष के साथ किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी रथ यात्रा के अवसर पर देश-विदेश में भगवान जगन्नाथ के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह भक्त और भगवान के मिलन का अद्वितीय अवसर है तथा महाप्रभु की कृपा से देश और देशवासियों की सुख-समृद्धि निरंतर बढ़ती रहे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा भारत की सदियों पुरानी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का शानदार प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा की परंपराएं विनम्रता, सामूहिक भागीदारी और निस्वार्थ सेवा का संदेश देती हैं। प्रधानमंत्री ने कामना की कि महाप्रभु का आशीर्वाद सभी देशवासियों पर बना रहे और उनके जीवन में नई ऊर्जा का संचार हो।
पुरी में भारी बारिश के बीच पारंपरिक रथ यात्रा शुरू
उधर, ओडिशा के पुरी में भारी बारिश के बावजूद भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की रथ यात्रा पारंपरिक विधि-विधान के साथ शुरू हुई। यात्रा मार्ग ‘बड़ा डंडा’ पर सुबह से ही लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रशासन ने रथ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए लगभग 13 हजार सुरक्षाकर्मियों, केंद्रीय बलों, नौसेना और तटरक्षक बल के जवानों को तैनात किया है। भारी वर्षा के कारण जलभराव से निपटने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। परंपरा के अनुसार गजपति महाराजा द्वारा ‘छेरा पहरा’ की रस्म पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं ने रथों को श्री गुंडिचा मंदिर की ओर खींचना शुरू किया।
अहमदाबाद में अमित शाह और पटेल हुए अनुष्ठानों में शामिल
वहीं गुजरात के अहमदाबाद में 149वीं भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाली गई। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पारंपरिक ‘पहंडी विधि’ और ‘छेरा पहरा’ की रस्म निभाई, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तड़के मंदिर पहुंचकर ‘मंगला आरती’ में शामिल हुए। करीब 16 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग पर लगभग 15 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है। सुरक्षा के मद्देनजर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित निगरानी प्रणाली के साथ 30 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। देशभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली जा रही भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा सामाजिक समरसता, आस्था और सेवा की भावना का संदेश दे रही है। श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथों के दर्शन कर उनके आशीर्वाद की कामना कर रहे हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com