उत्तर प्रदेश में दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी के साथ भीषण गर्मी ने तेजी से असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कम से कम 13 जिलों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया, जिससे राज्य में तेज हीट पैटर्न बनने के संकेत मिल रहे हैं। न्यूनतम तापमान की बात करें तो मुरादाबाद में 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लखीमपुर खीरी में 26.4 डिग्री, हमीरपुर में 26.2 डिग्री और फतेहगढ़ में 26 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बांदा और प्रयागराज में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी
देश के सबसे गर्म शहरों की सूची में भी उत्तर प्रदेश के कई शहर शामिल रहे। बांदा 43.8 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा। इसके बाद प्रयागराज 43.7 डिग्री के साथ चौथे स्थान पर और सुल्तानपुर 43.3 डिग्री के साथ छठे स्थान पर रहा। वाराणसी (बीएचयू) में 43.1 डिग्री तापमान दर्ज हुआ, जिससे यह आठवां सबसे गर्म शहर रहा, जबकि आगरा में 43 डिग्री तापमान के साथ नौवां स्थान दर्ज किया गया।
लखनऊ समेत कई जिलों में हीटवेव के संकेत
राजधानी लखनऊ में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 41.1 और 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ में आसमान साफ रहने का अनुमान है और आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री तथा न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
IMD ने जारी किया अलर्ट
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, साफ आसमान, तेज सौर विकिरण और हवा की कम गति के कारण दिनभर गर्मी बनी हुई है, जिससे तापमान लगातार ऊंचा बना हुआ है। आने वाले दिनों में भी राहत के आसार कम नजर आ रहे हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
उत्तर-पश्चिमी, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकतर हिस्सों में Heatwave
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को कहा कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिमी, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकतर हिस्सों में उष्ण लहर की स्थिति बने रहने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ इलाकों में 24 और 25 अप्रैल को उष्ण लहर की स्थिति रह सकती है।
आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23-25 अप्रैल; पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22-26 अप्रैल; राजस्थान में 24-26 अप्रैल; मध्य प्रदेश में 23-26 अप्रैल, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 24 से 27 अप्रैल और पश्चिम बंगाल के गंगा मैदानी क्षेत्र, बिहार तथा झारखंड में 22 से 23 अप्रैल तक की अवधि में उष्ण लहर की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि 22 से 25 अप्रैल के बीच ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, यानम, पश्चिम बंगाल के गंगा मैदानी क्षेत्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, तटीय कर्नाटक और गुजरात के तटीय क्षेत्रों के कुछ इलाकों में गर्म और आर्द्र स्थिति बनी रह सकती है। इसने कहा कि इस दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, ओडिशा, कोंकण और गोवा के कुछ इलाकों में रात के दौरान गर्मी बढ़ने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में इस सप्ताह गरज के साथ बारिश हो सकती है।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal