बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की आज 135वीं जयंती है। पूरा देश बाबा साहब को याद कर रहा है। सत्तापक्ष और विपक्ष के सभी बड़े नेताओं ने बाबा साहब को श्रद्धांजलि दी। संसद परिसर स्थित डॉ. आंबेडकर प्रेरणा स्थल पहुंचकर उप-राष्ट्रपति राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत अन्य नेताओं ने बाबा साहब को नमन किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक्स पर लिखा, ” बाबा साहेब एक न्यायविद, अर्थशास्त्री, गहन विचारक, विधि विद्वान और समतावादी सामाजिक व्यवस्था के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने अपनी जिंदगी समाज के सबसे वंचित और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित की”। यूपी की राजधानी लखनऊ में बसपा ने बड़ा कार्यक्रम किया। बसपा सुप्रिमों और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने अपने आवास पर बाबा साहब को श्रद्धांजलि दी। डॉ. आंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल पर भव्य कार्यक्रम में बसपा समर्थकों ने बाबा साहब के सामाजिक परिवर्तन के संदेश को आम करने का संकल्प दोहराया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा साहब को श्रद्धांजलि दी। भाजपा कार्यालय से लेकर विधानसभा मार्ग पर बाबा साहब को नमन करते होर्डिंग्स लगे हैं। उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने का सिलसिला चल रहा है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बाबा को श्रद्धांजलि दी है। समाजवादी पार्टी ने इस दौरान बाबा साहब हैं तो हम हैं का संदेश आम किया है। स्कूल-कॉलेज और विश्वविद्यालयों में बाबा साहब के संघर्ष, समानता और सामाजिक एकता को लेकर उनके संदेश को आम किया जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की उन्होंने कहा कि “आज, जब संविधान एक षड्यंत्रकारी हमले का सामना कर रहा है, तो उनके शब्द और चेतावनियाँ नए सिरे से प्रासंगिक हो उठती हैं। यह साहस और दृढ़ विश्वास का समय है। हमें केवल उन्हें याद ही नहीं करना चाहिए, बल्कि उनके द्वारा स्थापित प्रत्येक सिद्धांत की रक्षा करने, उनके द्वारा सुरक्षित किए गए प्रत्येक अधिकार की रक्षा करने और उनके द्वारा जिए गए और संघर्ष किए गए प्रत्येक मूल्य को कायम रखने के लिए उठना चाहिए।”
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal