जाट रेजिमेंट केंद्र परिसर में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली में बुधवार को टेक्निकल पद के लिए 12 जनपदों से कुल 850 अभ्यर्थियों ने उम्मीदों की दौड़ लगाई। जिसमें से 550 अभ्यर्थी सफल हुए और कई कारणों से असफल रहे। सफल युवाओं को गुरुवार को मेडिकल परीक्षण समेत अन्य औपचारिकताओं के लिए बुलाया है। सेना भर्ती कार्यालय बरेली के तहत आने वाले 12 जिलों हरदोई, पीलीभीत, सीतापुर, बरेली, बहराइच, बलरामपुर, बदायूं, फर्रुखाबाद, लखीमपुर, संभल, शाहजहांपुर और श्रावस्ती से युवाओं का आना मंगलवार शाम से शुरू हो गया। भर्ती रैली 11 से 23 मार्च तक चलेगी। पुलिस-प्रशासन, नगर निगम, स्वास्थ्य समेत अन्य विभाग कई दिन से इसको लेकर तैयारियां कर रहे थे, लेकिन पहले दिन ही भर्ती में आने वाले युवाओं को कई समस्याओं का सामना करना पड़ा। भर्ती रैली के समय जाट रेजिमेंट के सामने नकटिया रोड को वन-वे कर दिया गया। भर्ती में शामिल होने आए युवाओं के संबंधी जाट रेजिमेंट के बाहर पूरा दिन पेड़ों की छांव में डेरा डाल कर इंतजार करते दिखे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए यहां दो प्लाटून पीएसी के साथ पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है। जाट रेजिमेंट के बाहर भीड़ जमा नहीं होने दी गई। इसके लिए सुरक्षा चाक चौबंद रखा गया। शुक्रवार को भी 12 जिलों के युवाओं की भर्ती रैली होगी। इसके लिए कड़ी सुरक्षा की गई है।
ई-बसों को भी लगाया गया
जंक्शन और बस अड्डों से भर्ती देखने आ रहे युवाओं को आसानी से जाट रेजिमेंट तक पहुंचने के लिए ई-बसों को भी लगाया गया है। आसपास के जिलों से तमाम युवा अपने साधनों से भी भर्ती में हिस्सा लेने पहुंचे। भर्ती के दौरान 23 अप्रैल तक नकटिया रोड वन-वे किया गया है। जिसे संचालित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस पूरी मुस्तैदी से तैयार दिखाई दी। इस बीच पीएसी और पुलिस लगातार सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पैनी नजर बनाए रखे।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal