गर्मी की दस्तक के साथ ही मंडी में अंगूरों की आवक और तेज हो गई है। इन दिनों महाराष्ट्र के नासिक, पुणे और सतारा के साथ-साथ गुजरात के प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में अंगूर मंडी पहुंच रहे हैं। बंपर आवक के कारण बाजार में ताजे और मीठे अंगूरों की भरमार दिखाई दे रही है, जिससे खरीदारों की भीड़ बढ़ने लगी है। बरेली फ्रूट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सुभाष खान ने बताया कि इस बार अंगूर की गुणवत्ता काफी बेहतर है। महाष्ट्र और गुजरात से आने वाले अंगूर अपनी मिठास, खुशबू और ताजगी के कारण ग्राहकों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। मंडी में हरे और काले दोनों प्रकार के अंगूर उपलब्ध हैं। जिन्हें लोग बड़े चाव से खरीद रहे हैं। इन दिनों स्थानीय बाजार में ईरानी अंगूर की मांग कम हो गई है, क्योंकि नासिक और गुजरात के अंगूर स्वाद और ताजगी में उनसे बेहतर माने जा रहे हैं। फल व्यापारियों के मुताबिक अभी रोजाना कई ट्रकों से अंगूर मंडी में पहुंच रहे हैं, जिससे बाजार में पर्याप्त आपूर्ति बनी हुई है और कीमतें भी संतुलित हैं। बाजार में अच्छी क्वालिटी का अंगूर 1200 रुपये प्रति क्रेट की दर से उपलब्ध है। आने वाले दिनों में आवक और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। फल व्यापारी श्याम गुप्ता ने बताया के इस समय नासिक और गुजरात से बड़ी मात्रा में अंगूर आ रहे हैं। मिठास और ताजगी के कारण ग्राहक इन्हें ज्यादा पसंद कर रहे हैं, इसलिए बिक्री भी अच्छी हो रही है।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal