Wednesday , February 11 2026

लोकसभा में बोले कीर्तिवर्धन सिंह, विदेशों में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

सरकार ने कहा है कि वह विदेशों में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने लोकसभा में शुक्रवार को एक सवाल के लिखित जवाब में कहा कि सरकार विदेशों में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। सरकार विदेशों में उभरती प्रतिकूल परिस्थितियों पर कड़ी नजर रखती है और आवश्यकतानुसार सलाह जारी करती है ताकि भारतीय नागरिक अनावश्यक यात्रा से बचें, स्थानीय अधिकारियों द्वारा सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करें और भारतीय मिशनों के संपर्क में रहें। सिंह ने कहा कि ईरान में चल रहे विरोध प्रदर्शनों की शुरुआत में पांच जनवरी और चौदह जनवरी को सलाह जारी की गयी थी ताकि भारतीय नागरिक ईरान की गैर जरूरी यात्रा से बचें, उचित सावधानी बरतें, विरोध प्रदर्शनों वाले क्षेत्रों से दूर रहें और नवीनतम जानकारी प्राप्त करने और जुड़े रहने के लिए दूतावास की वेबसाइट पर सोशल मीडिया हैंडल पर नजर रखें। वर्तमान छात्रों, कामगारों, नाविकों आदि सहित लगभग 9 से दस हजार भारतीय नागरिक ईरान में रह रहे हैं और भारतीय दूतावास के प्रतिनिधियों के साथ निरंतर संपर्क में है। मौजूदा स्थिति में वाणिज्यिक उड़ानें जारी रहने और ईरानी हवाई क्षेत्र के खुले रहने के कारण सरकार ने अभी तक निकासी अभियान शुरू नहीं किया है। सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। उल्लेखनीय है कि तेलंगाना के जहिराबाद से कांग्रेस के सांसद सुरेश कुमार शेतकर ने विदेश में रहने वाले भारतीयों को लेकर सवाल पूछे थे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com