Saturday , January 24 2026

श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा माँ पाषण देवी जन्मोत्सव, 21 जनवरी को विशाल भंडारा

उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल में माँ पाषण देवी मंदिर में जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। बुधवार (21 जनवरी) को यहां विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर मंदिर परिसर को विद्युत लड़ियों से भव्य रूप से सजाया गया है और भक्तिमय माहौल बना हुआ है। जन्मोत्सव को लेकर मंदिर समिति और श्रद्धालुओं द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। मंदिर के मुख्य पुजारी जगदीश भट्ट ने बताया कि माँ पाषण देवी मैया के जन्मोत्सव के अवसर पर सुबह से ही विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ किया गया है, जिसका 21 जनवरी को विधिवत पारायण किया जाएगा। इसके बाद दोपहर में यज्ञ, पूजा-अर्चना एवं कन्या देवी को भोग अर्पित किया जाएगा। मुख्य पुजारी जगदीश भट्ट ने बताया कि समस्त धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत 21 जनवरी को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों एवं माँ के भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है। गौरतलब है कि माँ पाषण देवी मंदिर पत्थरों को काटकर निर्मित एक प्राचीन और आस्था का प्रमुख केंद्र है। इस मंदिर से उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बी.सी. खंडूरी और उनके परिवार का विशेष लगाव रहा है। जब भी खंडूरी परिवार नैनीताल आता है, माँ पाषण देवी के दर्शन अवश्य करता है। कुछ समय पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भी अपने परिवार के साथ यहाँ दर्शन के लिए पहुँची थीं। यह भी उल्लेखनीय है कि 21 जनवरी को बाबा नीम करौली महाराज का स्थापना दिवस भी है। इसी दिन बाबा नीम करौली महाराज की मूर्ति की स्थापना की गई थी। इस अवसर पर मालपुआ का प्रसाद भी वितरित किया जाएगा। जन्मोत्सव को लेकर माँ के भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com