Friday , March 29 2024

अगर आपको एनीमिया है, तो आप रोजाना अंजीर का करें सेवन-

आजकल अधिकतर लोग एनीमिया से पीड़ित हैं। एनीमिया एक ऐसी स्थिति है, जिसमें शरीर में पर्याप्त रेड ब्लड सेल्स नहीं होती हैं। इसकी वजह से शरीर के ऊतकों तक ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाता है। एनीमिया में हीमोग्लोबिन और खून की कमी होने लगती है। ऐसे में व्यक्ति को थकान, कमजोरी और चक्कर आने जैसे लक्षणों का सामना करना पड़ता है। आपको बता दें कि एनीमिया कई कारणों से हो सकता है। इसमें आयरन की कमी, विटामिन बी12 की कमी या फिर फोलेट की कमी आदि शामिल हैं। ऐसे में आपको पहले कारण का पता लगाना जरूरी होता है। अगर आपको आयरन की कमी की वजह से एनीमिया है, तो आप नियमित रूप से अंजीर का सेवन कर सकते हैं। अंजीर में आयरन, विटामिन ए, विटामिन सी, मैग्नीशियम, पोटैशियम और कैल्शियम अधिक मात्रा में पाए जाते हैं। तो आइए, इस लेख में आरोग्य डाइट और न्यूट्रीशन क्लीनिक की डाइटीशियन डॉ. सुगीता मुटरेजा से जानते हैं एनीमिया में अंजीर खाने के तरीके

एनीमिया में अंजीर का सेवन कैसे करें?-

1. भीगे हुए अंजीर खाएं-

अगर आपको थकान और कमजोरी का अहसास होता है, तो यह एनीमिया का लक्षण हो सकता है। ऐसे में भीगे हुए अंजीर का सेवन करना फायदेमंद होता है। इसके लिए आप 1-2 अंजीर को रातभर के लिए पानी में भिगोकर रख दें। सुबह खाली पेट भीगे हुए अंजीर को अच्छी तरह से चबाकर खा लें। आप चाहें तो अंजीर के साथ बादाम, अखरोट और किशमिश भी भिगोकर रख सकते हैं। जब इन सभी चीजों को एक साथ खाया जाता है, तो शरीर को इंस्टेंट एनर्जी मिलती है।

2. दूध में उबालकर अंजीर खाएं-

एनीमिया में आप अंजीर को दूध में उबालकर भी खा सकते हैं। इससे आपको दूध और अंजीर, दोनों के पोषक तत्व मिलेंगे। रोजाना दूध और अंजीर को साथ में खाने से थकान और कमजोरी आसानी से दूर होने लगेगी। इसके लिए आप 2 अंजीर लें। इन्हें एक गिलास दूध में उबालें। इसे छानें और रात को सोते समय पी लें। अगर एनीमिया की वजह से आपका वजन कम हो रहा है, तो दूध में अंजीर उबालकर खाना बेहद लाभकारी होता है। अंजीर को दूध में उबालकर खाने से ऊर्जा मिलती है। साथ ही, वेट गेन में भी मदद मिलती है।

3. ओट्स में मिलाकर खाएं-

अधिकतर लोग नाश्ते में ओट्स का सेवन करते हैं। एनीमिया वाले लोगों के लिए भी ओट्स खाना फायदेमंद होता है। एनीमिया की समस्या होने पर आप ओट्स में अंजीर मिलाकर खा सकते हैं। जी हां, ओट्स में अंजीर मिलाकर खाने से पोषक तत्वों में वृद्धि होती है। इससे आपको आयरन मिलेगा, जिससे खून की कमी दूर होगी। इसके लिए आप दूध वाले ओट्स में 1-2 अंजीर को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर डाल दें। आप इसमें अन्य ड्राई फ्रूट्स भी डाल सकते हैं। 

4. अंजीर का हलवा-

एनीमिया की समस्या में आप अंजीर का हलवा बनाकर भी खा सकते हैं। इसके लिए आप अंजीर को भिगोकर रख दें। फिर इन्हें मिक्सी में पीस लें। अब एक पैन में घी डालकर अंजीर के पेस्ट को भूनते रहें। इसमें दूध डालें और फिर खा लें। रोज नाश्ते में अंजीर का हलवा खाने से आप पूरे दिन एनर्जेटिक रह सकते हैं। अंजीर का हलवा वजन बढ़ाने में भी सहायक होता है। 

अगर आपको भी एनीमिया के लक्षणों का अनुभव हो रहा है, तो अंजीर को ऊपर बताए गए इन 4 तरीकों से अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। लेकिन कई मामलों में एनीमिया गंभीर हो सकता है। ऐसे में आपको अपनी डाइट का तो खास ख्याल रखना ही चाहिए। साथ ही, डॉक्टर से कंसल्ट करना चाहिए। इस स्थिति में डॉक्टर आपको आयरन सप्लीमेंट लेने की सलाह दे सकते हैं। 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com