Saturday , October 31 2026

Sardar Patel Jayanti पर पीएम मोदी देंगे 426 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, Statue of Unity पर होगा भव्य आयोजन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर गुजरात के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचेंगे। सुबह करीब 9 बजे वे सरदार पटेल को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री 426.71 करोड़ रुपये की लागत वाली 31 पर्यटन और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को विस्तार मिलेगा।
23 परियोजनाओं का उद्घाटन, 8 की रखेंगे आधारशिला
प्रधानमंत्री जिन 31 परियोजनाओं की सौगात देंगे, उनमें 307.83 करोड़ रुपये की लागत वाली 23 परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। वहीं, 118.88 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली आठ परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। उद्घाटन होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में 50 करोड़ रुपये की लागत से बना आईआरसीटीसी होटल, 16 करोड़ रुपये का एकता क्रूज, 14.30 करोड़ रुपये का रेन फॉरेस्ट अट्रैक्शन और 3.67 करोड़ रुपये की लागत वाला इको ट्रेल शामिल है। इसके अलावा सीवेज और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, ट्रैवलेटर, परेड ट्रैक, स्टाफ क्वार्टर, सड़क सुधार, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में फसाड लाइटिंग और एकता प्रकाश पर्व का विकास भी इन परियोजनाओं का हिस्सा है।एकता प्रकाश पर्व में दिखी भारत की सांस्कृतिक विविधता
सरदार पटेल की जयंती से एक दिन पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नर्मदा जिले के एकता नगर में आयोजित ‘एकता प्रकाश पर्व-2026’ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रोशनी से सजे सांस्कृतिक प्रदर्शनों को देखा, जिनमें देश के चारों क्षेत्रों की परंपराओं और विविधता को दर्शाया गया। प्रधानमंत्री ने इल्युमिनेशन फेस्टिवल के इनडोर सेक्शन का भी अवलोकन किया। इसे उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले चार अलग-अलग जोन में विभाजित किया गया है। इन प्रदर्शनों के जरिए देश की सांस्कृतिक विरासत और विविधता को एक मंच पर प्रस्तुत किया गया।
रेन फॉरेस्ट और वामन वृक्ष वाटिका भी जाएंगे पीएम
शनिवार को प्रधानमंत्री स्टैच्यू ऑफ यूनिटी क्षेत्र में रेन फॉरेस्ट और वामन वृक्ष वाटिका का भी दौरा करेंगे। इसके बाद शाम करीब 5:30 बजे राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, राज्य पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों की ओर से एकता परेड आयोजित की जाएगी।
5 हजार कलाकारों की प्रस्तुति में दिखेगी ‘वंदे मातरम्’ की झलक
राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी विशेष आकर्षण होंगे। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की ओर से ‘नक्सल मुक्त भारत’ विषय पर नाट्य प्रस्तुति दी जाएगी। इसमें वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित 126 जिलों के करीब 2,000 कलाकार हिस्सा लेंगे। वहीं, इस बार समारोह की झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की थीम ‘वंदे मातरम्’ रखी गई है। देशभर से आए लगभग 5,000 कलाकार एक भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति के जरिए भारत की एकता, विविधता और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करेंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com