दिल्ली नगर निगम चुनाव (MCD Election 2022) के लिए वोटों की गिनती बुधवार सुबह से ही कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है। मतगणना के लिए 42 केंद्र बनाए गए हैं। शुरुआती रुझानों में आम आदमी पार्टी (आप) जहां बहुमत के करीब पहुंचती दिख रही है, वहीं पूर्वी दिल्ली स्थित पटपड़गंज वार्ड में भाजपा उम्मीदवार शुरुआत बढ़त बनाए हुए है।
![](https://updigitaldiary.in/wp-content/uploads/2022/12/व्ब्क्व.webp)
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के दूसरे बड़े नेता मनीष सिसोदिया पटपड़गंज सीट से ही विधायक हैं। यहां भाजपा की बढ़त को सिसोदिया के लिए एक बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है।
एमसीडी के 250 वार्ड के लिए बीते 4 दिसंबर को वोट डाले गए थे, जिसमें 1,349 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी है। चुनाव में इस बार 50.48 प्रतिशत मतदान हुआ।
इस चुनाव के परिणाम का राष्ट्रीय राजधानी से परे प्रभाव हो सकता है, जिसे आम आदमी पार्टी (आप), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबले के रूप में देखा जा रहा है।
‘आप’ और भाजपा दोनों ही अपनी-अपनी जीत दर्ज की उम्मीद जता रही हैं, जबकि कांग्रेस इस बार भी बुरी तरह पिछड़ती दिख रही है। अधिकांश एग्जिट पोल में ‘आप’ की जीत का पूर्वानुमान लगाया गया है। इसमें भाजपा दूसरे और कांग्रेस तीसरे स्थान पर है।
‘आप’ ने इस चुनाव में 138 महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था, वहीं भाजपा और कांग्रेस ने क्रमश: 136 और 129 को उम्मीदवार बनाया था।
गौरतलब है कि 2017 के नगर निगम चुनाव में भाजपा ने 272 वार्ड में से 181 पर जीत दर्ज की थी। ‘आप’ ने 48 वार्ड और कांग्रेस ने 27 वार्ड जीते थे। उस साल करीब 53 प्रतिशत मतदान हुआ था।