Thursday , April 25 2024

BJP ने 2022 में ही मिशन 2024 के लिए काम किया तेज, CM योगी ने कहा- PM मोदी के नेतृत्व में बढ़ रहा कारवां  

भाजपा ने मिशन 2024 की तैयारी 2022 में ही शुरू कर दी है। शुक्रवार को पार्टी की राज्य मुख्यालय में इसे लेकर प्रदेश कार्य योजना समिति की बैठक हुई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों और अभियानों की रूपरेखा तय की गई। यूपी के सभी जिलों से पहुंचे पदाधिकारियों को रणनीति समझाई गई। सपा के गढ़ आजमगढ़ और रामपुर में मिली जीत का उदाहरण देते हुए बताया गया कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करना मुश्किल नहीं है। 

हैदराबाद में हाल ही में हुई 3 दिनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक की रणनीति को भी जमीन पर उतारने का काम शुरू कर दिया गया है। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा की सकारात्मक सोच और प्रयास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। रामपुर और आजमगढ़ की जीत इसी सोच का नतीजा है।

उन्होंने इस जीत के लिए डबल इंजन सरकार के काम और कार्यकर्ताओं की मेहनत को श्रेय दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की जीत का कारवां लगातार आगे बढ़ रहा है। अपनी सरकार की 100 दिन की उपलब्धियां भी उन्होंने गिनाईं।

सीएम योगी ने आह्वान किया कि पूरी शक्ति से बूथों को मजबूत करने में जुट जाएं। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकारें समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाएं पहुंचाने के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने बूथ स्तर पर लाभार्थियों से संपर्क बनाने पर जोर दिया।

प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने विस्तार से आगामी अभियान और कार्यक्रमों की रूपरेखा समझाई। बैठक में प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक के अलावा प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारी मौजूद रहे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com