Sunday , November 29 2026

लागत घटाने और AI अपनाने के लिए Swiggy Instamart करेगा 340 कर्मचारियों की Layoff

ऑनलाइन सामान की तेजी से घर तक डिलीवरी करने वाली कंपनी स्विगी की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। कंपनी की क्वीक डिलीवरी सेवा इंस्टामार्ट में करीब 340 कर्मचारियों की नौकरी जा सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी अपने संगठन में बदलाव करने की तैयारी कर रही है। इस कदम के पीछे कामकाज को बेहतर बनाने, एक जैसे काम करने वाले पदों को कम करने और खर्च पर नियंत्रण रखने की योजना बताई जा रही है। इस पूरी प्रक्रिया के बीच कंपनी के कामकाज में एआई का इस्तेमाल भी तेजी से बढ़ रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस छंटनी का सबसे ज्यादा असर इंस्टामार्ट के कार्यालय और सहायक कामकाज से जुड़े विभागों में पड़ सकता है। इनमें वे कर्मचारी शामिल हो सकते हैं जो कंपनी के प्रबंधन, प्रशासन और दूसरे सहायक कामों से जुड़े हैं। हालांकि, कंपनी के अलग-अलग विभागों पर इसका कितना असर पड़ेगा, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि स्विगी प्रभावित कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने के बदले आर्थिक सहायता देगी। इसके साथ ही नई नौकरी तलाशने में मदद और जरूरत पड़ने पर दूसरे स्थान पर काम के लिए जाने की सुविधा भी दी जाएगी। कंपनी की ओर से इन कर्मचारियों के लिए अलग-अलग सहायता योजनाएं तैयार की गई हैं, ताकि नौकरी जाने के बाद उन्हें कुछ राहत मिल सके। गौरतलब है कि त्वरित सामान डिलीवरी के कारोबार में इस समय मुकाबला काफी बढ़ गया है। ब्लिंकिट, जेप्टो, फ्लिपकार्ट मिनट्स और अमेजन नाउ जैसी कंपनियां लगातार अपनी सेवाओं का विस्तार कर रही हैं। इन कंपनियों के बीच ग्राहकों को कम समय में सामान पहुंचाने और बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की होड़ लगी हुई है। ऐसे में इंस्टामार्ट के सामने अपनी लागत घटाने और कारोबार को ज्यादा बेहतर तरीके से चलाने की चुनौती है। इसी साल स्विगी ने मिंत्रा की पूर्व प्रमुख नंदिता सिन्हा को इंस्टामार्ट का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया था। उनके नेतृत्व में कंपनी अपने कारोबार को आगे बढ़ाने और कामकाज में सुधार की कोशिश कर रही है। कंपनी के वित्तीय नतीजे भी इस बदलाव की एक बड़ी वजह माने जा रहे हैं। स्विगी को वित्त वर्ष 2026-27 की सितंबर तिमाही में 922 करोड़ रुपये का कुल शुद्ध घाटा हुआ है। पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले घाटे में 15.6 प्रतिशत की कमी आई है, लेकिन जून तिमाही के 791 करोड़ रुपये के घाटे से यह ज्यादा है। बता दें कि क्वीक डिलीवरी के कारोबार में तेजी से बढ़ने के लिए कंपनियों को गोदाम, सामान की उपलब्धता, कर्मचारियों और डिलीवरी व्यवस्था पर लगातार खर्च करना पड़ता है। कम समय में सामान पहुंचाने की होड़ के बीच मुनाफा कमाना भी बड़ी चुनौती बना हुआ है। ऐसे में स्विगी का यह कदम कारोबार को व्यवस्थित करने और खर्च कम करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com