Sunday , November 29 2026

दिलजीत के मुंबई कॉन्सर्ट पर 500 पुलिसकर्मियों का पहरा : बम धमकी के बाद सुरक्षा सख्त

पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले उनके कार्यक्रम के लिए सुरक्षा का अभूतपूर्व इंतजाम किया गया है। शुक्रवार को आयोजित होने वाले इस कॉन्सर्ट में 500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। बम धमाके और ग्रेनेड हमले की धमकी के बाद कार्यक्रम स्थल से लेकर आसपास के इलाकों तक निगरानी बढ़ा दी गई है।
पांचों गेट पर होगी सख्त जांच, BDDS ने खंगाला पूरा परिसर
अधिकारियों के मुताबिक, बम पहचान एवं निरोधक दस्ते (BDDS) की टीम कार्यक्रम स्थल की जांच कर चुकी है। अब दर्शकों की सुरक्षा के लिए प्रवेश के सभी पांच द्वारों पर जांच की जाएगी। पहले तीन गेट पर जांच की व्यवस्था थी। पुलिस के अलावा निजी सुरक्षा कर्मियों को भी तैनात किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर श्वान दस्ते और मादक पदार्थ निरोधक प्रकोष्ठ (ANC) की टीम भी मौजूद रहेगी।
200 कांस्टेबल, 150 महिला पुलिसकर्मी और 75 अधिकारी संभालेंगे मोर्चा
धमकी के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती की है। एक अधिकारी के अनुसार, करीब 200 कांस्टेबल, 150 महिला कांस्टेबल और 75 पुलिस अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा संभालेंगे। इसके अलावा दिलजीत दोसांझ की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
500 से 700 मीटर तक रहेगा कार फ्री जोन
कॉन्सर्ट के दौरान महालक्ष्मी रेसकोर्स के आसपास 500 से 700 मीटर तक का क्षेत्र कार निषिद्ध क्षेत्र घोषित किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, फिलहाल यातायात के लिए किसी विशेष मार्ग परिवर्तन की घोषणा नहीं की गई है। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत आयोजकों को दिलजीत के होटल और उनके कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के समय की जानकारी सार्वजनिक नहीं करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
26/11 की बरसी पर मिला था धमकी भरा ईमेल
गौरतलब है कि मुंबई में 26/11 आतंकी हमलों की बरसी पर बृहस्पतिवार को एक धमकी भरा ईमेल मिला था। इसमें महापौर कार्यालय, मेट्रो रेल स्टेशनों और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में विस्फोट, ग्रेनेड हमले और आईईडी लगाने की धमकी दी गई थी। हन्ना मेलर नाम से अपनी पहचान बताने वाली एक महिला द्वारा भेजे गए ईमेल में खालिस्तान और 1984 के सिख विरोधी दंगों का भी जिक्र किया गया था। इसमें दिलजीत और कार्यक्रम से जुड़े लोगों को लेकर हिंसा की धमकियां दी गई थीं।
पोस्टर, बैनर और झंडे ले जाने पर भी रोक
सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजकों ने भी कई सख्त नियम लागू किए हैं। दिलजीत के ‘रुपे ऑरा इंडिया टूर 2026’ के तहत होने वाले इस कॉन्सर्ट में महालक्ष्मी रेसकोर्स के अंदर पोस्टर, बैनर, संकेतक और झंडे ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। धमकी भरे ईमेल के बाद पुलिस और आयोजक किसी भी तरह की लापरवाही से बचना चाहते हैं। ऐसे में दिलजीत के इस कॉन्सर्ट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com