Thursday , November 26 2026

बुद्ध पार्क में शुरू हुआ लाइट एंड साउंड शो, 130 फुट ऊंची प्रतिमा के पास दिखेगा जीवंत अनुभव, जानें क्या है खास

दक्षिण सिक्किम के रावांगला स्थित तथागत त्सल में पर्यटकों को आकर्षित करने और रात्रि पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भगवान बुद्ध के जीवन व शिक्षाओं पर आधारित नया ‘लाइट एंड साउंड शो’ शुरू किया गया है। अधिकारियों के अनुसार तथागत त्सल को बुद्ध पार्क के नाम से भी जाना जाता है और मंगलवार से शुरू किया गया यह कार्यक्रम अब प्रतिदिन शाम छह बजे से आयोजित होगा, जिससे आगंतुकों को भगवान बुद्ध के जीवन और शिक्षाओं का एक जीवंत अनुभव मिल सकेगा। रावांगला में संध्याकालीन पर्यटन व प्रवास अवधि बढ़ाने का लक्ष्य, स्थानीय कारोबार को लाभ
मुख्यमंत्री के नामची जिले के अतिरिक्त राजनीतिक सचिव विष्णु शर्मा ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य रावांगला में संध्याकालीन पर्यटन को बढ़ावा देना, पर्यटकों को अपने प्रवास की अवधि बढ़ाने के लिए प्रेरित करना और स्थानीय होटल संचालकों व पर्यटन से जुड़े व्यवसायों को सीधा लाभ पहुंचाना है। इस व्यवस्था से शाम के समय पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ ही क्षेत्र की पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई है। विष्णु शर्मा ने क्षेत्र में पारिस्थितिकी पर्यटन की संभावनाओं को रेखांकित करते हुए कहा कि सतत पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय समुदायों के लिए आजीविका के नए अवसर सृजित करने के मद्देनजर इस इलाके में 100 से अधिक परियोजनाएं विकसित की गई हैं। लगभग 7,000 फुट की ऊंचाई पर स्थित बुद्ध पार्क एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां भगवान बुद्ध की 130 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित है और जिसका अभिषेक 14वें दलाई लामा ने 25 मार्च 2013 को किया था।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com