उत्तर प्रदेश पुलिस को 4543 नए उपनिरीक्षक मिल गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पुलिस लाइन लखनऊ में आयोजित समारोह में उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस भर्ती के जरिए नागरिक पुलिस, पीएसी, विशेष सुरक्षा बल और महिला बटालियनों को नए अधिकारी मिले हैं। भर्ती के तहत नागरिक पुलिस के 4242 उपनिरीक्षकों का चयन हुआ है। इनमें 3394 पुरुष और 848 महिला उपनिरीक्षक शामिल हैं। इसके अलावा पीएसी के लिए 135 प्लाटून कमांडर, विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ) के लिए 60 प्लाटून कमांडर और महिला बटालियनों के लिए 106 महिला उपनिरीक्षकों का चयन किया गया है।
15.75 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने 12 अगस्त 2025 को कुल 4543 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। इन पदों के लिए 15,75,760 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित की गई। इसमें रिक्त पदों के सापेक्ष 2.7 गुना अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। इसके बाद चयन प्रक्रिया के अगले चरण में 15 से 17 जून तक अभिलेखों की समीक्षा और शारीरिक मानक परीक्षण कराया गया। वहीं, 29 जून से चार जुलाई तक शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई। भर्ती बोर्ड ने 14 जुलाई को अंतिम चयन परिणाम घोषित किया था।
एसएसएफ और महिला बटालियनों को भी मिले नए जवान
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत नवगठित विशेष सुरक्षा बल के लिए 60 उपनिरीक्षकों के साथ 1,341 आरक्षियों का भी चयन किया गया है। वहीं, तीन महिला बटालियनों के लिए 106 महिला उपनिरीक्षकों और 2,282 महिला आरक्षियों का चयन हुआ है। नियुक्ति पत्र वितरण के साथ चयनित अभ्यर्थियों की उत्तर प्रदेश पुलिस में नई जिम्मेदारी की शुरुआत होगी।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal