Wednesday , October 21 2026

यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची अब 24 अक्टूबर को होगी जारी, जानें फाइनल लिस्ट की तारीख

यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए अहम खबर है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने परीक्षा केंद्रों की सूची जारी करने की तारीख में बदलाव किया है। अब यह सूची 22 अक्टूबर के बजाय 24 अक्टूबर को जारी की जाएगी। इसके बाद परीक्षा केंद्रों को लेकर मिलने वाली आपत्तियों की जांच और निस्तारण किया जाएगा। बोर्ड की ओर से परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची 27 नवंबर को जारी की जाएगी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 5 फरवरी 2027 से शुरू होकर 23 फरवरी तक चलेंगी। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को लेकर बोर्ड ने आपत्तियां दर्ज कराने और उनके निस्तारण का कार्यक्रम भी तय किया है।
28 अक्टूबर से दर्ज करा सकेंगे आपत्तियां
बोर्ड सचिव भगवती सिंह के अनुसार, परीक्षा केंद्रों की सूची जारी होने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक के पोर्टल पर उन विद्यालयों की सूची भी जारी की जाएगी, जिनके खिलाफ डिबार करने या मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई चल रही है। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र बनाए जाने के लिए अर्ह नहीं माने गए विद्यालयों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद ऑनलाइन चयनित और चयनित नहीं किए गए परीक्षा केंद्रों को लेकर आपत्तियां दर्ज कराने का मौका मिलेगा। विद्यार्थी, अभिभावक, प्रधानाचार्य और स्कूल प्रबंधक 28 अक्टूबर से माध्यमिक शिक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
6 नवंबर को आपत्तियों का होगा निस्तारण
जिला विद्यालय निरीक्षक 6 नवंबर को विद्यार्थियों, अभिभावकों, प्रधानाचार्यों और विद्यालय प्रबंधकों से प्राप्त आपत्तियों की जांच कर उनका निस्तारण करेंगे। यदि किसी आपत्ति को तार्किक और उचित पाया जाता है तो जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति की मंजूरी के बाद संबंधित आख्या या संस्तुति परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन जारी की जाएगी। इसके बाद 16 नवंबर को जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति से अनुमोदित विद्यालयों और विद्यार्थियों के आवंटन सहित परीक्षा केंद्रों की सूची परिषद की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।
21 नवंबर तक कर सकेंगे दोबारा प्रत्यावेदन
परीक्षा केंद्रों की सूची जारी होने के बाद भी यदि किसी विद्यालय या संबंधित पक्ष को निर्धारित मानकों से अधिक दूरी अथवा केंद्र की क्षमता से ज्यादा परीक्षार्थियों के आवंटन को लेकर आपत्ति होती है तो वह अपना प्रत्यावेदन दे सकता है। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद के पोर्टल पर 21 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन करने का मौका मिलेगा। इन प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद बोर्ड 27 नवंबर को परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी करेगा।
कब क्या होगा? यहां देखें पूरा शेड्यूल
24 अक्टूबर: परीक्षा केंद्रों की प्रारंभिक सूची जारी होगी।
28 अक्टूबर: ऑनलाइन आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू होगी।
6 नवंबर: जिला विद्यालय निरीक्षक आपत्तियों का परीक्षण और निस्तारण करेंगे।
16 नवंबर: अनुमोदित विद्यालयों और छात्र आवंटन सहित केंद्रों की सूची वेबसाइट पर अपलोड होगी।
21 नवंबर: परीक्षा केंद्रों को लेकर प्रत्यावेदन देने की अंतिम तारीख।
27 नवंबर: परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी होगी।
यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं और विद्यालयों को सलाह है कि वे केंद्र निर्धारण से जुड़ी जानकारी और अपडेट के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com