अमेरिकी ओपन के पुरुष और महिला एकल चैंपियन को इस साल 55 लाख डॉलर की पुरस्कार राशि मिलेगी। यह ग्रैंड स्लैम टेनिस के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी पुरस्कार राशि है। इस साल अमेरिकी ओपन में खिलाड़ियों को कुल 10.8 करोड़ डॉलर की राशि मिलेगी जो पिछले साल की तुलना में 20 प्रतिशत ज्यादा और 2024 के मुकाबले 44 प्रतिशत अधिक है। अमेरिकी टेनिस संघ (यूएसटीए) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। टूर्नामेंट 23 अगस्त से शुरू होकर 13 सितंबर तक चलेगा। 128 खिलाड़ियों के एकल मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने वाले हर खिलाड़ी को कम से कम 1.4 लाख डॉलर मिलेंगे। क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ी को 7.8 लाख डॉलर, सेमीफाइनल तक पहुंचने वाले खिलाड़ी को 14.5 लाख डॉलर और उपविजेता को 28 लाख डॉलर मिलेंगे। चैंपियन की पुरस्कार राशि पिछले साल के 50 लाख डॉलर से बढ़ाई गई है। पिछले साल आर्यना सबालेंका और कार्लोस अल्काराज ने अमेरिकी ओपन का खिताब जीता था और खिलाड़ियों को कुल नौ करोड़ डॉलर की राशि मिली थी।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal