भारत में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जा रहा है। यह दिन 1947 के विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों और उस दौर में अकल्पनीय पीड़ा, विस्थापन और संघर्ष झेलने वाले परिवारों को याद करने का अवसर है। विभाजन के बाद पंजाब और बंगाल के विभाजित हिस्सों से बड़ी संख्या में लोगों को अपना घर-बार और संपत्ति छोड़कर भारत आना पड़ा था। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभाजन की त्रासदी को याद करते हुए उन सभी लोगों के साहस और संघर्ष को नमन किया। उन्होंने कहा कि विभाजन का दौर ऐसा था, जिसने असंख्य जिंदगियों को प्रभावित किया। परिवार उजड़ गए और लोगों ने अपनों को खो दिया, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों से उबरकर अपनी जिंदगी को दोबारा खड़ा किया।
PM मोदी ने अपने पोस्ट में क्या कहा?
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि विभाजन से प्रभावित लोगों ने भारी पीड़ा झेली। कई परिवार उजड़ गए और लोगों को अपने प्रियजनों को खोना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने शून्य से अपनी जिंदगी दोबारा शुरू की, मुश्किलों को सफलता में बदला और देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया। पीएम मोदी ने कहा कि इन लोगों की जीवन यात्रा मानव जज्बे और संघर्ष की ताकत की याद दिलाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह दिन देश में आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने के संकल्प को और दृढ़ करेगा तथा सभी लोग मिलकर विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal