Thursday , July 30 2026

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से की मुलाकात

यरूशलम, 28 जुलाई (एपी) इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मंगलवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से व्हाइट हाउस (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में मुलाकात की। फरवरी में ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू किए जाने के बाद यह दोनों नेताओं के बीच पहली बैठक है। इसे नेतन्याहू के लिए दोनों नेताओं के संबंधों में आई खटास को दूर करने के एक मौके के तौर पर देखा जा रहा है। यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब दोनों नेताओं को अपने-अपने देशों में बढ़ते दबाव का सामना करना पड़ रहा है। नेतन्याहू फिर से चुनाव लड़ने वाले हैं और वह ट्रंप के साथ बिगड़ते संबंधों के कारण मुश्किलों से घिरे हुए हैं। ट्रंप पर नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले एक ऐसे युद्ध को समाप्त करने का दबाव है, जिसने आर्थिक उथल-पुथल मचा दी है और महंगाई को बढ़ा दिया है। ट्रंप ने मंगलवार को उन खबरों को लेकर नाराजगी जताई, जिनमें कहा गया था कि इजराइली नेता पिकऐक्स माउंटेन पर ईरानी गतिविधियों से जुड़ी खुफिया जानकारी पर चर्चा करने की योजना बना रहे हैं। पिकऐक्स माउंटेन एक संभावित परमाणु स्थल है, जिस पर अमेरिकी राष्ट्रपति बार-बार बमबारी करने की धमकी दे चुके हैं। ट्रंप ने ‘फॉक्स एंड फ्रेंड्स’ से कहा, ‘‘मुझे बिल्कुल पता है कि पिकऐक्स में क्या हो रहा है।’’ व्हाइट हाउस के एक अधिकारी के अनुसार, दोनों नेता इजराइल-हिज्बुल्लाह युद्ध को लेकर अमेरिका और इजराइल द्वारा लेबनान के साथ किए गए रूपरेखा समझौते तथा अब्राहम समझौते के विस्तार पर भी चर्चा करने की योजना बना रहे हैं। ट्रंप ने सोमवार को संवाददाताओं की ओर से यह पूछे जाने पर कि क्या वह और इजराइल के प्रधानमंत्री ईरान के मुद्दे पर एक ही राय रखते हैं, कहा था, ‘‘हमारे विचारों में थोड़ा-सा अंतर है।’’ नेतन्याहू ने कहा कि वह ट्रंप से मुलाकात में यह जानना चाहते हैं कि ईरान के मुद्दे पर वह क्या सोच रहे हैं और उनकी आगे क्या योजना है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com